
मंत्री अनुपमा जायसवाल ने किया बड़ा वादा, सुनकर खुशी से झूम उठेंगे प्राइमरी स्कूल के बच्चे
बाराबंकी. बेसिक शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार और राजस्व एवं वित्त राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार अनुपमा जायसवाल ने बाराबंकी में विभागीय अधिकारियों की मण्डल स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद मंत्री जी ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग की गुणवत्तापरक शिक्षा में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने जनपदवार समीक्षा करते हुए विभाग के आलाधिकारियों को कड़े दिशा निर्देश दिए।
लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त
बाराबंकी में मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक लेने के लिए पहुंची बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री अनुपमा जायसवाल ने परिषदीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही का मामला सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की रिपोर्ट पर संतुष्टि जाहिर करते हुए कहा कि सरकार स्कूलों में गुणवत्तापरक शिक्षा देने को लेकर कटिबद्ध है और लगातार इस ओर प्रयास किये जा रहे हैं। इसके अलावा खंड शिक्षा अधिकारियों और मिड डे मील में मिल रही शिकायतों पर अनुपमा जायसवाल ने कहा कि विभाग इस दिशा में सख्त कदम उठा रहा है और जल्द ही सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएंगी।
31 अक्टूबर तक बांट दिए जाएंगे स्वेटर
अनुपमा जायसवाल ने सरकारी स्कूलों में ठंड से पहले बच्चों को स्वेटर बांटने के सवाल पर कहा कि 31 अक्टूबर तक स्वेटर वितरण का संकल्प प्रदेश भर में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा पिछले साल कुछ तकनीकी दिक्कतें आई थीं, लेकिन समय पर वितरण का लक्ष्य परा कर लिया गया था।
Updated on:
27 Oct 2018, 9:41 AM IST
Published on:
27 Oct 2018, 8:35 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.