
4 दिन मौत से लड़ता रहा मजदूर
Factory Worker Death:बाराबंकी में एक कथित मजाक ने एक मजदूर की जान ले ली। रिलायंस फैक्ट्री में काम करने वाले एक मजदूर के साथ सहकर्मियों ने ऐसा मजाक किया, जिसकी कीमत उसे अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। आरोप है कि साथ काम करने वाले कुछ मजदूरों ने एयर प्रेशर मशीन की पाइप से उसके शरीर में गुप्तांग के रास्ते हवा भर दी। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चार दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान संजू के रूप में हुई है, जो बाराबंकी के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के चंदौली गांव का रहने वाला था। वह रिलायंस फैक्ट्री में मजदूरी करता था। परिजनों का आरोप है कि 17 जुलाई को काम के दौरान उसके कुछ सहकर्मियों ने मजाक-मजाक में एयर प्रेशर मशीन की पाइप उसके गुप्तांग के पास लगा दी और तेज दबाव से हवा छोड़ दी। बताया जा रहा है कि शरीर में जरूरत से ज्यादा हवा भरने के बाद संजू की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसका शरीर फूलने लगा और कुछ ही देर में वह बेहोश हो गया। घटना के बाद आरोपी सहकर्मी मौके से भाग गए।
घटना के बाद लेबर ठेकेदार संजू को इलाज के लिए लखनऊ के एक निजी अस्पताल ले गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई। लगातार चार दिन तक इलाज चलने के बावजूद मंगलवार को उसकी मौत हो गई।
संजू की मौत के बाद परिवार का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों का आरोप है कि यह कोई साधारण हादसा नहीं, बल्कि लापरवाही और आपराधिक हरकत का मामला है। उनका कहना है कि दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
परिवार का आरोप है कि घटना के बाद लेबर ठेकेदार ने पुलिस को सूचना देने के बजाय सीधे निजी अस्पताल में भर्ती कराकर पूरे मामले को दबाने की कोशिश की। अगर समय रहते पुलिस को सूचना दी जाती, तो जांच पहले शुरू हो सकती थी।
सीओ सिटी संगम कुमार ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम लखनऊ में कराया जा रहा है। फिलहाल परिवार की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने फैक्ट्रियों और औद्योगिक इकाइयों में वर्कप्लेस सेफ्टी और कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि एयर प्रेशर मशीन जैसे औद्योगिक उपकरणों का गलत इस्तेमाल जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसे उपकरणों के साथ मजाक करना न केवल खतरनाक है, बल्कि गंभीर कानूनी अपराध भी बन सकता है।
Updated on:
22 Jul 2026 03:00 pm
Published on:
22 Jul 2026 02:08 pm
