20 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

Barabanki: सीएम योगी के लोधेश्वर दौरे से पहले बारिश का कहर, कार्यक्रम स्थल बना तालाब, प्रशासन अलर्ट

CM Yogi Lodheshwar Visit : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लोधेश्वर दौरे से पहले हुई तेज बारिश ने तैयारियों पर असर डाला। कार्यक्रम स्थल और पार्किंग में जलभराव होने से प्रशासन ने युद्धस्तर पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करना शुरू कर दिया।
4 min read
Google source verification
सीएम योगी के लोधेश्वर दौरे पर बारिश का ग्रहण, कार्यक्रम स्थल और पार्किंग में जलभराव से प्रशासन की बढ़ी चुनौती (फोटो सोर्स : Ritesh Singh )

सीएम योगी के लोधेश्वर दौरे पर बारिश का ग्रहण, कार्यक्रम स्थल और पार्किंग में जलभराव से प्रशासन की बढ़ी चुनौती (फोटो सोर्स : Ritesh Singh )

CM Yogi Lodheshwar Visit Preparations: बाराबंकी (Barabanki) में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित लोधेश्वर महादेव मंदिर दौरे से पहले हुई तेज बारिश ने प्रशासनिक तैयारियों की परीक्षा ले ली। लगातार हुई मूसलाधार बारिश के कारण कार्यक्रम स्थल, पार्किंग क्षेत्र और आसपास के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। बारिश का सबसे अधिक असर उन स्थानों पर देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। कई जगह पानी भर जाने से अधिकारियों और कर्मचारियों को अंतिम समय में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए युद्धस्तर पर काम करना पड़ा। हालांकि प्रशासन का दावा है कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारु कर दी जाएंगी और कार्यक्रम निर्धारित समय पर संपन्न होगा।

बारिश ने बढ़ाई प्रशासन की चिंता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर पिछले कई दिनों से प्रशासन लगातार तैयारियों में जुटा हुआ था। कार्यक्रम स्थल को सजाने-संवारने, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, बैरिकेडिंग और साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा था। इसी बीच तेज बारिश ने पूरी व्यवस्था को प्रभावित कर दिया। कार्यक्रम स्थल के कई हिस्सों में पानी भर गया, जबकि पार्किंग क्षेत्र में भी जलभराव होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई।

बारिश के कारण कई अस्थायी व्यवस्थाओं को भी नुकसान पहुंचा। कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले कुछ रास्तों पर कीचड़ फैल गया, जिससे उन्हें दोबारा व्यवस्थित करने का काम शुरू किया गया। प्रशासन ने तत्काल मशीनों और कर्मचारियों की मदद से जल निकासी का कार्य तेज कर दिया।

स्वागत होर्डिंग्स भी हुए क्षतिग्रस्त

मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए लगाए गए कई बड़े होर्डिंग्स और बैनर तेज बारिश और हवा के कारण क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ होर्डिंग्स झुक गए तो कुछ जगहों पर पोस्टर और फ्लेक्स फट गए। बारिश थमते ही संबंधित विभागों और एजेंसियों ने इन्हें हटाकर नए होर्डिंग्स लगाने का कार्य शुरू कर दिया। प्रशासन का प्रयास है कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले पूरे कार्यक्रम स्थल को फिर से आकर्षक और व्यवस्थित स्वरूप दिया जाए। इसके लिए सजावट से जुड़े कर्मचारियों को भी मौके पर बुलाकर तेजी से कार्य कराया जा रहा है।

अधिकारी मौके पर डटे, लगातार हो रही निगरानी

बारिश के बाद उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को तत्काल पानी निकालने और प्रभावित व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी लगातार विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और मुख्यमंत्री के दौरे से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं। अधिकारियों की मौजूदगी में नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें लगातार कार्य में जुटी रहीं।

युद्धस्तर पर चल रहा जल निकासी का कार्य

कार्यक्रम स्थल और पार्किंग क्षेत्र में जमा पानी निकालने के लिए मोटर पंप, जेसीबी और अन्य संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। सफाईकर्मियों की अतिरिक्त टीमें भी लगाई गई हैं, जो नालियों की सफाई कर पानी की निकासी सुनिश्चित करने में जुटी हैं। जहां-जहां अधिक कीचड़ हो गया है, वहां मिट्टी और गिट्टी डालकर रास्तों को दोबारा समतल बनाया जा रहा है ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशासन का पूरा प्रयास है कि मुख्यमंत्री के काफिले, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसी उद्देश्य से सभी व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी कर दी गई है। बारिश के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने भी कार्यक्रम स्थल का दोबारा निरीक्षण किया और जलभराव वाले क्षेत्रों को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए। पार्किंग व्यवस्था को भी नए सिरे से व्यवस्थित किया जा रहा है ताकि वाहनों के आवागमन में कोई बाधा न आए।

यातायात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी वैकल्पिक मार्गों पर भी नजर बनाए हुए हैं। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पार्किंग स्थल और वैकल्पिक प्रवेश मार्गों का भी उपयोग किया जा सकता है। सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

हर चुनौती से निपटने को तैयार प्रशासन

तेज बारिश ने भले ही तैयारियों की रफ्तार को कुछ समय के लिए प्रभावित किया हो, लेकिन प्रशासन ने हालात पर तेजी से नियंत्रण पाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए हैं। अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर हर छोटी-बड़ी व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। जल निकासी, साफ-सफाई, सजावट, पार्किंग और सुरक्षा संबंधी सभी कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।

प्रशासन का कहना है कि मौसम की चुनौती के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित लोधेश्वर दौरे की सभी तैयारियां समय  रहते पूरी कर ली जाएंगी। इसके लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और हर स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी मुस्तैदी और गंभीरता के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।