
बाराबंकी में एनकाउंटर, पुलिस से हुई भयंकर मुठभेड़, दो बदमाश गोली लगने से घायल
बाराबंकी. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी जिले में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। ये मुठभेड़ बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में हुई। इस मुठभेड़ में 6 हथियारबंद बदमाशों ने भी पुलिस पर जवाबी हमला बोल दिया। जिसका मुंहतोड़ जवाब देते हुए बाराबंकी पुलिस ने बदमाशों के पसीने छुड़ा दिए।
मुठभेड़ में दो बदमाश हुए घायल
यह मुठभेड़ मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में शिवली नदी के पास कठौतिया पुल पर हुई। इस मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। जिन्हें सूरतगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया है। वहीं एक एसआई अरुण कुमार, दो कांस्टेबल अंकित तोमर और राहुल वर्मा भी इस मुठभेड़ में घायल हुए हैं। बाराबंकी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक अन्य बदमाश भागने में सफल हो गया। जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
घायल बदमाशों ने कुबूल किए कई जुर्म
बाराबंकी पुलिस की अगर मानें तो मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार बदमाशों ने जिले में कई लूटपाट की वारदात को अंजाम देना कबूल किया है। साथ ही बदमाशों ने फतेहपुर के दवा व्यवसाई के अपहरण का प्रयास और कार लूट के गुनाह को भी कुबूला कर लिया है। मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार बदमाशों के पास से कुल 1.71 लाख नकद, 4 तमंचे, 4 मोबाइल और कार भी बरामद की गई है।
पुलिस को मिली थी जानकारी
आपको बता दें कि देर रात पुलिस को जानकारी मिली थी कि हथियारों से लैस कार सवार 6 बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। जिसके तुरंत बाद बाराबंकी की पुलिस महकमा एक्टिव हो गया। पुलिस ने तुरंत घेरेबंदी कर शिवली नदी के पास कठौतिया पुल के पास उन्हें रोकने की कोशिश की। जिसके बाद बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब मे पुलिस ने भी कार्रवाई की और फायरिंग में दो बदमाशों को गोली लगी।
Published on:
9 Feb 2018, 12:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.