
Keshav
बाराबंकी. बाराबांकी पहुंचे यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने एएमयू में मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर से मचे बवाल व स्वामी प्रसाद द्वारा दिए गए बयान पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि जिन्ना की वजह से ही भारत देश का विभाजन हुआ है और देश के विभाजन का दर्द आज हर भारतीय झेल रहा है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य किसान कल्याण कार्यशाला में पहुंचे थे जहां उन्होंने अपनी सरकार की उप्लब्धियों का बखान भी किया और कहा कि 2019 में फिर से बीजेपी की सरकार बनेगी।
किसानों की स्थिति पहले से बेहतर हुई है-
उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज बाराबंकी के दौरे पर थे। वह हैदरगढ़ के कृषि विज्ञान केंद्र में किसान कल्याण कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रुप में शामिल होने आए थे। इस दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की तमाम उपलब्धियों का बखान भी किया। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हमारी सरकार में किसानों की स्थिति पहले से बेहतर हुई है।
समय से पहले पूरा होगा काम-
केशव प्रसाद मौर्य से जब पूछा गया कि उत्तर प्रदेश के हर घर तक बिजली पहुंचाने का आप की सरकार का लक्ष्य है, इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए सरकार की क्या कार्य योजना है, तो इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का यह लक्ष्य रहता है कि काम को समय से पहले पूरा करा लिया जाए। इस काम को भी सरकार समय से पहले पूरा करा लेगी।
जिन्ना के लिए यहां कोई जगह नहीं-
केशव प्रसाद मौर्य से जब बीजेपी सरकार के मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के उस बयान के बारे में पूछा गया जिसमें उन्होंने मोहम्मद अली जिन्ना को महापुरुष बताया था, तो उन्होंने कहा कि जिन्ना को लेकर किसी भी भारतीय के मन में कोई जगह नहीं है। जिन्ना की वजह से ही भारत देश का विभाजन हुआ है और देश के विभाजन का दर्द आज हर भारतीय झेल रहा है।
यूपी में 73 से ज्यादा सीटें जीतेगी भाजपा-
उत्तर प्रदेश के शिक्षा मित्रों को लेकर उठे सवाल पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हमारी सरकार कहने में नहीं करने में विश्वास रखती है। 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हम उत्तर प्रदेश से 73 से ज्यादा सांसद केंद्र में भेजेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दोबारा बीजेपी के सरकार बनवाएंगे।
Published on:
2 May 2018, 10:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.