बाराबंकी. बाढ़ एक ऐसी आपदा है जो हर साल जिले में तबाही लेकर आती है। न जाने कितनी जनहानि, कितने पशुओं के जानमाल का नुकसान और कितनी फसलें बाढ़ में समा जाती हैं। हर साल आने वाली बाढ़ से स्थायी समाधान के चर्चे खूब होते हैं। घोटाले भी खूब होते हैं, लेकिन आज तक स्थायी समाधान सम्भव नहीं हो पाया है। यही सवाल जब उत्तर प्रदेश की बाढ़ नियन्त्रण मन्त्री से पूछा गया तो उनका जवाब लगभग हाथ खड़े कर देने वाला था। मन्त्री ने कहा कि यह दैवीय आपदा है। इसका स्थायी समाधान कैसा? मगर हम कोशिश कर रहे हैं। मन्त्री का यह बयान उन बाढ़ पीड़ितों में निराशा पैदा करने वाला है जो स्थायी समाधान की बाट जोह रहे हैं।