10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

यूपी पुलिस का जवान गायब, बहन से बोला- मजदूरी कर लूंगा लेकिन नहीं करूंगा पुलिस की नौकरी

सन्दिग्ध परिस्थितियों में पुलिसकर्मी गायब, परिजनों ने लगाए साथी पर गंभीर आरोप...

2 min read
Google source verification
UP policeman missing in Barabanki UP hindi news

यूपी पुलिस का एक जवान गायब, बहन से बोला- मजदूरी कर लूंगा लेकिन नहीं करूंगा पुलिस की नौकरी

बाराबंकी. बाराबंकी के नगर कोतवाली में आरक्षी पद पर तैनात हरदोई जनपद का रहने वाला अंकुर वर्मा अचानक गायब हो गया। उसकी खोजबीन करते हुए उसके परिजन पैतृक निवास हरदोई से बाराबंकी आ गए और पुलिस ऑफिस के चक्कर काट रहे हैं। बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाते हुए परिजनों ने इस पूरे विवाद में एक सहपुलिसकर्मी का हाथ बताया है। परिजनों का कहना है कि उसी से विवाद के बाद वह गायब हुआ है। परिजनों का आरोप है कि सहयोगी पुलिस कर्मी का व्यवहार उसके साथ ठीक नहीं था।

साथी पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप

पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाने आई अंकुर की मां मिथलेश कुमारी ने बताया कि उसका बेटा अंकुर मोहन नगर में एक किराये का कमरा लेकर साथी पुलिसकर्मी श्रीराम शुक्ल के साथ रहता था। यह दोनों नगर कोतवाली में तैनात थे। अंकुर के प्रति श्रीराम शुक्ल का व्यवहार ठीक नहीं था और न ही वह चारित्र से ठीक था। श्रीराम शुक्ल के व्यवहार के कारण अक्सर अंकुर से उसका विवाद होता रहता था। श्रीराम शुक्ल ने ही अंकुर के साथ कुछ करवाया है। तभी वह कहीं गायब हो गया है।

भाई ने कहा था- अब नहीं करनी पुलिस की नौकरी

अंकुर की बहन की आंखों से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। रो-रोकर वह अपना दुख बताते हुए कहती हैं कि काफी दिनों से उसकी भाई से बात नहीं हो पा रही थी। गायब होने के बाद एक दिन बड़ी मुश्किल से फोन पर अंकुर से उसकी बात हुई। फोन पर अंकुर ने बताया कि वह अब नौकरी नहीं करना चाह रहा है। अब वह मजदूरी कर लेगा मगर पुलिस की नौकरी नहीं करेगा। यही बात करते हुए उसने फोन काट दिया, तबसे उससे दोबारा बात नहीं हो पाई है। अंकुर की बहन ने बताया कि नौकरी के प्रति आई उसकी इस निराशा का कारण उसके साथ काम करने वाला श्रीराम शुक्ल ही है। श्रीराम शुक्ल चारित्र से भी ठीक नहीं है और न ही उसका व्यवहार अंकुर के प्रति ठीक था। कई बार उसने अंकुर पर गलत काम करने का दबाव भी डाला। मगर अंकुर ने उसका कहना नहीं माना। इसी बात से नाराज होकर श्रीराम शुक्ल ने अंकुर को नौकरी छोड़ने और गायब हो जाने को मजबूर कर दिया।

चल रही है मामले की जांच

वहीं बाराबंकी के अपर पुलिस अधीक्षक दिगम्बर कुशवाहा से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि अंकुर की मां ने एक प्रार्थनापत्र देकर जानकारी दी है कि उनका बेटा कहीं चला गया है। पता करने मालूम हुआ कि जहां पर अंकुर किराये पर रहता था वहां पर उसने कुछ गलत हरकत की थी। उसके बाद वह कहीं चला गया है। उसके साथ रह रहे एक सिपाही से जब पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह बगैर बताए कहीं चला गया है। अब उसकी खोजबीन के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही इसका पता लगा लिया जाएगा कि वह कहां और क्यों गया है।

पुलिसवाले का गायब होना बना चर्चा का विषय

खैर वजह कुछ भी हो मगर एक पुलिसकर्मी का अचानक यूं गायब होना चर्चा का विषय बना हुआ है। परिजनों का पैतृक जिला छोड़कर बाराबंकी में खोजबीन करना, अंकुर का फोन न उठाना, परिजनों का साथी पुलिसकर्मी पर गम्भीर आरोप लगाना और अभी तक अंकुर के गायब होने का मुकदमा न दर्ज होना कई सवाल खड़ा कर रहा है। जिसका जवाब अंकुर के मिलने के बाद ही मिल सकेगा।