
बाराबंकी. बिजली विभाग की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। आज गांव में हाई वोल्ट के तार खेतों में लटकते रहते हैं जिससे फसलें जलकर राख हो जाती है। फसलों के नष्ट होने से किसानों का भारी नुकसान हो जाता है जिसका किसानों को मुआवजा भी नहीं मिलता। वहीँ लटके हुए तारों की चपेट में आने से इंसानो और जानवरों की मौत हो जाती है।
ऐसा ही एक मामला बाराबंकी से आया है जहां खेत से होकर गुजरी 33 हजार की बिजली लाइन की चपेट में आने से नीचे निराई कर रही एक महिला की मौके पर मौत हो गई। चीख पुकार सुनकर एकत्र हुए ग्रामीणों ने इसकी सूचना बिजली विभाग व स्थनीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है।
मामला मोहम्मदपुरखाला थाना क्षेत्र के चंदूरा का है जहां के निवासी पंचम गौतम की 45 वर्षीय पत्नी शिवरानी शाम लगभग छह बजे फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग के निकट अपने खेत में निराई कर रही थी तभी अचानक उसके खेत से गुजरी 33 हजार लाइन के पोल में करंट उतर आया। करंट की चपेट में आने से शिवरानी की मौके पर ही मौत हो गई। तारों के दगने की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने बिजली विभाग को सूचना दी, तब जाकर लाइन बंद कराई गई। इस संबंध में एसडीओ रामनगर ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है। जांच में जो दोषी पाया जायेगा उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जायेगा।
Published on:
05 May 2018 02:41 pm

