
Photo: Patrika
Baran News: बारां के हरनावदाशाहजी कस्बे के तेजाजी चौक क्षेत्र में रविवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइपास निर्माण में बाधक बन रहे अवैध अतिक्रमणों को ध्वस्त कर दिया।
उपखंड अधिकारी अभिमन्यु सिंह कुंतल एवं डीएसपी ताराचंद के नेतृत्व में भारी पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में ये कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान सभी मार्गों पर आवाजाही बंद कर दी गई जिससे वाहनों की कतारों के साथ तमाशबीनों की भीड़ लगी रही। कस्बे में निर्माणाधीन बाइपास मार्ग पर तेजाजी चौक के पास दो पक्की दुकानें लंबे समय से बाधक बनी हुई थीं।
इसके चलते सड़क निर्माण कार्य रुका हुआ था और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। ग्राम पंचायत द्वारा इन दुकानों को हटाने के लिए पूर्व में कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन को कड़ा रुख अपनाना पड़ा।
प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन की सहायता से दोनों पक्की दुकानों को ध्वस्त कर दिया। उपखंड अधिकारी अभिमन्यु सिंह कुंतल ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रास्तों और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इधर कस्बे में रविवार को हुई प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब लोगों में अन्य स्थानों पर हो रहे अवैध अतिक्रमणों को लेकर चर्चा तेज हो गई। कस्बे में खाळ क्षेत्र में एवं अन्य सरकारी जमीनों पर लोगों ने अवैध निर्माण तो कहीं पत्थर डालकर अतिक्रमण कर रखे हैं। वहीं मुख्य बाजार में दुकानदारों के अस्थायी अतिक्रमणों ने ना केवल यातायात प्रभावित कर रखा है बल्कि आमजन भी परेशान हो रहा है।
Updated on:
13 Apr 2026 01:38 pm
Published on:
13 Apr 2026 01:38 pm
