16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कुल्हाड़ी से कर दी बुजुर्ग की हत्या, सोने की बालियां लूट कर ले गए

मृतक के पुत्र सत्यनारायण लोधा की रिपोर्ट पर अज्ञात जनों के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।

2 min read
Google source verification

बारां

image

Mukesh Gaur

Oct 24, 2025

मृतक के पुत्र सत्यनारायण लोधा की रिपोर्ट पर अज्ञात जनों के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।

बारां. घटनास्थल पर जांच कर सबूत जुटाते पुलिसकर्मी व अधिकारी। पत्रिका

मारपीट के बाद घायल को मक्का के चारे में दबा गए लुटेरे

पुलिस अधिकारियों ने किया निरीक्षण, एमओबी, डीएसटी, साइबर टीम जुटी

बारां/सारथल. सारथल थाना क्षेत्र के कोटड़ा भगवान गांव के समीप अज्ञात जनों ने गुरुवार दोपहर एक वृद्ध किसान की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों में रोष गहरा गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी, छबड़ा डीएसपी विकास कुमार ने मौका निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दिए। सारथल थाना प्रभारी गिरिराज गुर्जर, हरनावदाशाहाजी थाना प्रभारी, जिला मुख्यालय से पुलिस की एमओबी टीम, पुलिस अधीक्षक कार्यालय की जिला विशेष टीम, साइबर सेल की टीम व बाद में एफएसएल व डॉग स्क्वायड टीम ने भी घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए है। प्रथम ²ष्टया लूट के इरादे से कुल्हाड़ी से वारकर हत्या करने का मामला मानते हुए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।

चारे का ढेर हटाया तो मिला घायल

पुलिस ने बताया कि मृतक रामकिशन लोधा (65) रोज की तरह गुरुवार सुबह भैंसों को लेकर खेत जंगल की ओर चराने गया था। दोपहर को भोजन के लिए घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसे तलाशते हुए मौके पर पहुंचे। इस दौरान समीप स्थित बाड़े में मक्का के चारे के ढेर के नीचे उसका पैर दिखाई दिया। ढेर को हटाकर देखा तो रामकिशन खून से सना घायल अवस्था में मिला। गंभीर हालत देखकर परिजन उसे गांव से सीधे समीप के अकलेरा (झालावाड़) अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में उसकी सांसें थम गई। जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में अकलेरा में पोस्टमार्टम कराया। मृतक के पुत्र सत्यनारायण लोधा की रिपोर्ट पर अज्ञात जनों के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।

कट गए दोनों कान

मौके पर मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्य के आधार पर माना जा रहा है कि रामकिशन ने भैंसों को जंगल में छोड़ दिया तथा समीप स्थित स्वयं के बाड़े में मक्का के चारे का ग_र बनाने आदि के काम के लिए चला गया। वह दोनों कानों में करीब एक तौला सोने की मुरकियां (बालियां) पहने हुए था। बाड़े में अकेला देख अज्ञात बदमाशों ने लूट के इरादे से उससे मारपीट की। बालियां नहीं देने पर कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियार से सिर में वारकर उसे घायल कर दिया तथा कानों से मुरक्या खींच कर ले गए। इससे उसके दोनों कान भी कटे हुए थे। फिलहाल मृतक की किसी से रंजिश का मामला सामने नहीं आया है।

शव लेने से किया इनकार, जताया रोष

अकलेरा. यहां सेटेलाइट अस्पताल में बड़ी संख्या में ग्रामीण रिश्तेदार परिजन एकत्र हो गए। उन्होंने हत्यारों की गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर शव लेने से इंकार कर दिया। बाद में समझाइश कर पोस्टमार्टम कराया गया। फिलहाल शव पोस्टमार्टम कक्ष में रखा है। परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपियों को पकड़ा नहीं जाता, तब तक वे शव नहीं उठाएंगे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

लूट के इरादे से हत्या की है। अज्ञात जनों ने सिर पर कुल्हाड़ी जैसे हथियार से वार किया और मृत मानकर मक्का के चारे के ढेर में दबा गए। सोने की मुरकियां खींच ले जाने से कान कट गए। विभिन्न टीमें जुटी हुई है। तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे है, सभी पहलुओं पर जांच शुरू की है। जल्दी ही खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

राजेश चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक