14 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ERCP परियोजना में हुआ बड़ा हादसा, बारां में गिरा 100 फीट ऊंचा सीमेंट साइलो, दब गया इंजीनियर, मची चीख-पुकार

सीमेंट ओवरटन होने से साइलो झूल गया और कुछ समझ पाते इससे पहले अचानक नीचे गिर गया। हालांकि इस समय मौके पर कम लोग मौजूद थे, मजदूर व अन्य अधिकारी कर्मचारी नीचे की ओर थे। इससे बड़ा हादसा टल गया।

2 min read
Google source verification
ERCP Pariyojana Accident

हादसे के दौरान मची अफरा-तफरी की फोटो: पत्रिका

Baran Mahalpur Barrage Accident: रामसेतु परियोजना के महलपुर बैराज निर्माण स्थल पर हादसा हो गया। कंक्रीट बैचिंग प्लांट का सीमेंट साइलो अचानक गिर गया। इससे कुछ दूरी पर मौजूद साइट इंजीनियर दब गया जिससे घायल हो गया। घायल को कोटा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो अन्य मजदूरों को भी चोट लगी है। सूचना पर सोमवार सुबह परियोजना के अभियंताओं और पुलिस ने मौका निरीक्षण किया।

ओवरटन होने से साइलो असंतुलित होकर गिरा

सूत्रों ने बताया कि रविवार शाम कंक्रीट बैचिंग प्लांट के सीमेंट साइलों में सीमेंट का स्टोरेज किया जा रहा था। इस दौरान सीमेंट ओवरटन होने से साइलो झूल गया और कुछ समझ पाते इससे पहले अचानक नीचे गिर गया। हालांकि इस समय मौके पर कम लोग मौजूद थे, मजदूर व अन्य अधिकारी कर्मचारी नीचे की ओर थे। इससे बड़ा हादसा टल गया। साइट इंजीनियर भी साइलों से दूर थे, लेकिन साइलो की करीब 100 ऊंचाई होने से गिरने के बाद यह कॉर्नर तक पहुंच गया और चपेट में आने से साइट इंजीनियर मोहिपाल (25) घायल हो गया। हादसे में दो अन्य मजदूरों को भी मामूली चोटें आई हैं।

भाग कर बचाई जान

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल हो गया। अन्य मजदूर जान बचाने के लिए चीख-पुकार करते हुए भागे। बाद में मौजूद मजदूरों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे रैफर कर दिया। संवेदक कंपनी के अधिकारियों ने उसे कोटा में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। महलपुर बांध स्थल पर बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे हैं, लेकिन आपात स्थिति में तत्काल राहत के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। हादसे के बाद घायलों को करीब 12 किलोमीटर दूर अस्पताल ले जाना पड़ा।

हैदराबाद की कंपनी कर रही काम

उल्लेखनीय है कि रामसेतु परियोजना (ईआरसीपी) के तहत बारां जिले में किशनगंज और मांगरोल के बीच महलपुर में बैराज का निर्माण कराया जा रहा है। इसका एक किनारा किशनगंज तथा दूसरा मांगरोल थाना क्षेत्र में आता है। इसका निर्माण कार्य 9 अप्रेल से ही शुरू किया गया था। फिलहाल कंक्रीट बिछाने का प्रारंभिक स्तरीय कार्य ही किया जा रहा है। बैराज निर्माण का कार्य हैदराबाद की कंपनी कर रही है।

अभी 8-9 अप्रेल से ही बैराज का काम शुरू किया गया है। यहां रविवार शाम साइलो ओवर टन होकर गिर गया। इससे एक साइट इंजीनियर चोट लगने से घायल हुआ है। उसे कोटा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

-दीपेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता, ईआरसीपी