16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan : ट्रैक्टर की चपेट में आने से मासूम भाई-बहन की मौत, स्कूल की छुट्टी के बाद मां के साथ लौट रहे थे घर

बारां शहर में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। स्कूल की छुट्टी के बाद मां के साथ स्कूटी पर घर लौटते समय गड्ढे से बचने के प्रयास में स्कूटी फिसल गई और दोनों बच्चे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए।

2 min read
Google source verification

फोटो पत्रिका नेटवर्क

बारां। शहर में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। स्कूल की छुट्टी के बाद मां के साथ स्कूटी पर घर लौटते समय गड्ढे से बचने के प्रयास में स्कूटी फिसल गई और दोनों बच्चे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए।

हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों बच्चों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां बहन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं भाई की हालत नाजुक होने पर उसे कोटा रेफर किया गया। जहां शाम को उसकी भी मौत हो गई।

स्कूल की छुट्टी के बाद मां के साथ घर लौट रहे थे भाई-बहन

पुलिस के अनुसार शिवाजी नगर निवासी धर्मा जाटव के 7 वर्षीय पुत्र गतिक और 5 वर्षीय पुत्री योगिता शिवाजी नगर स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ते थे। गुरुवार दोपहर छुट्टी के बाद दोनों अपनी मां ज्योति के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे।

बरडिया बालाजी के पास सड़क पर बने गड्ढे से बचने के प्रयास में स्कूटी फिसल गई। इससे मां और दोनों बच्चे सड़क पर गिर गए। तभी वहां से गुजर रही बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों को तुरंत जिला अस्पताल लाया गया। जहां योगिता को मृत घोषित कर दिया गया। गतिक को कोटा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां शाम को उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। गतिक पहली कक्षा और योगिता एचकेजी में पढ़ती थी।

दिनभर दौड़ते ट्रैक्टर-ट्रॉली

उल्लेखनीय है कि इस मार्ग पर दिनभर बजरी और पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां चलती रहती हैं। इससे सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो रहे हैं। कई बार शिकायतों के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई।

कार-पिकअप की टक्कर में एक की मौत, सात जने घायल

उधर, अंता नगर के निकट सीसवाली रोड स्थित रातड़िया पेट्रोल पंप के पास बुधवार देर रात सड़क हादसा हो गया। भूसे से भरी पिकअप और कार की आमने-सामने हुई भिड़ंत में कार चालक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य सात लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। अंता वृत्त अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि कार में कुल आठ लोग सवार थे, जो अंता से एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे।