17 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: पुलिस के ऑपरेशन वज्र प्रहार में मकान-प्लॉट, गाड़ियों समेत तस्कर की करोड़ों रुपए की अवैध संपत्ति फ्रीज

बारां पुलिस ने ऑपरेशन वज्र प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर और उसके परिजनों की करीब 3.92 करोड़ रुपए की संपत्ति फ्रीज की। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं और जांच में करोड़ों के लेनदेन सामने आए।

2 min read
Google source verification
NDPS case Baran

एनडीपीएस कार्रवाई

बारां. जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन वज्र प्रहार के तहत जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत एक तस्कर और उसके परिजनों की करोड़ो रुपए की अवैध संपत्ति फ्रीज कर दी। कार्रवाई के तहत दो मकान, पांच प्लॉट, दो कार और एक मोटरसाइकिल सहित करीब 1 करोड़ 60 लाख 26 हजार 526 रुपए मूल्य की संपत्ति फ्रीज की गई है। वहीं, बैंक खातों में लेनदेन सहित कुल फ्रीज संपत्ति का मूल्य 3 करोड़ 92 लाख 81 हजार 111 रुपए आंका गया है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

बारां पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि इस मामले में तकनीकी जांच और बैंक ट्रांजैक्शन की गहन पड़ताल के बाद यह संपत्तियां चिन्हित की गईं। सारथल थाना क्षेत्र के डोकरी खोह निवासी बिरमचंद लोधा (31) तथा उसकी पत्नी फूलाबाई, छोटे भाई राहुल और राहुल की पत्नी भावना के नाम पर अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को स्थायी रूप से फ्रीज किया गया है। संपत्ति का मुल्य 3 करोड़ 92 लाख 81 हजार 111 रुपए आंका गया है। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत अवैध मादक पदार्थ कारोबार पर लगाम लगाने के लिए की गई है और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एक साल में 2.32 करोड़ का लेनदेन

बिरमचंद लोधा और उसके परिजनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तीन प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें एक मामला वाणिज्यिक मात्रा से संबंधित है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मादक पदार्थों से करोड़ों रुपए अर्जित किए। उसके बाद तस्करी से अर्जित इस धन को छुपाने के लिए चल-अचल संपत्तियों में निवेश कर दिया था। जांच में सामने आया कि पिछले एक वर्ष में आरोपियों और उनके परिजनों के खातों में करीब 2.32 करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ था।

मामले में पुलिस ने सक्षम प्राधिकारी नई दिल्ली के समक्ष परिवाद पेश किया था। मामले को आगे बढ़ाते हुए सुनवाई के बाद सक्षम प्राधिकारी ने 16 मई 2026 को तस्कर और उसके परिजनों की करोड़ों रुपए की अवैध संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी किए। इसके बाद जिला प्रशासन और सारथल थाना पुलिस के सहयोग से इस कार्रवाई को किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार बिरमचंद लोधा के कब्जे से पूर्व में 250 किलो डोडा चूरा भी बरामद किया जा चुका है।

बड़ी खबरें

View All

बारां

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग