
AI जनरेटेड फोटो
Engagement Broke From AI Fake Image: बारां जिले के मोठपुर थाना क्षेत्र में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक का दुरुपयोग कर एक युवती की सगाई तुड़वाने और बाद में लाखों रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक गिरोह ने सुनियोजित साजिश के तहत युवती की फोटो एडिट कर उसे बदनाम किया और फिर शादी दोबारा करवाने के नाम पर मोटी रकम की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी देवकरण चौधरी ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार उसकी बेटी का रिश्ता तय हो चुका था और सगाई की तारीख 22 जून निर्धारित की गई थी। सगाई समारोह के लिए बारां शहर के एक होटल में बुकिंग कर अग्रिम राशि जमा कराई गई थी। इसके अलावा अन्य तैयारियों के तहत वर पक्ष को भी बतौर पेशगी रुपए दिए गए थे।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि 2 जून को कमलदा निवासी अशोक धाकड़ उसके घर आया और 5 लाख रुपए की मांग की। आरोपी ने धमकी दी कि यदि रकम नहीं दी गई तो वह शादी नहीं होने देगा। उसने कहा कि एआई तकनीक की मदद से युवती की फोटो किसी अन्य युवक के साथ एडिट कर सोशल मीडिया और वर पक्ष के पास भेज देगा, जिससे रिश्ता टूट जाएगा।
रिपोर्ट के अनुसार जब पीड़ित ने रुपए देने से इनकार कर दिया तो अशोक धाकड़ ने अपने साथियों महेंद्र धाकड़ निवासी नोहल्या, देवकीनंदन धाकड़ और अचरावा निवासी रमेश के साथ मिलकर युवती की फोटो को एक अन्य युवक के साथ एडिट किया और वह तस्वीर वर पक्ष के लोगों को भेज दी। फोटो देखकर वर पक्ष गलतफहमी का शिकार हो गया और उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया।
पीड़ित का आरोप है कि सगाई टूटने के बाद आरोपी और उसके साथियों ने दोबारा संपर्क कर शादी फिर से जुड़वाने के नाम पर 16 लाख रुपए की अवैध मांग की। साथ ही बदनाम करने की धमकी भी दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मोठपुर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
03 Jul 2026 08:13 am
