
कांग्रेस नेता पर पिस्टल दिखाने का आरोप, मांगरोल में आमने-सामने हुए कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ता
मांगरोल. केन्द्र सरकार के दस करोड़ व राज्य सरकार के छह करोड़ की लागत से इटावा रोड पर नवनिर्मित कॉलेज के उद्घाटन से पहले ही राजनीति गरमा गई। यहां भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में टकराव की नौबत बन गई। दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए। जब इनमें से कोई भी पीछे हटने को राजी नहीं हुआ तो पहले पुलिस ने लाठियां फटकारी, इसके बाद लाठीचार्ज कर दिया।
यह है मामला
खान व गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया के उदघाटन करने पहुंचने से पहले ही भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भिडंत हो गई। दरअसल भाजपा के किसी जनप्रतिनिधि को नहीं बुलाने से भाजपा के कार्यकर्ता खफा होकर मंत्री को काले झंडे दिखाकर विरोध करने की मंशा से सीसवाली तिराहे पर जमा होना शुरू हो गए थे।
इस बीच बारां की ओर से युवक कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष शरद शर्मा वहां से निकले तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। जवाब में शरद शर्मा ने भी अपशब्द कहे। इससे नाराज होकर भाजपा कार्यकर्ता मंत्री को आजाद तिराहे पर घेरने की गरज से पहुंच गए। कांगेस नेता शर्मा भी वापस आजाद तिराहे पर लौटे व जेब से रिवाॅल्वर निकालकर हवा में लहराई। इसके बाद वो रवाना हो गए। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं का रोष बढ़ गया। इस बीच वहां बारां सीसवाली से आकर कार्यकर्ता एकत्र होने लगे। देखते ही देखते सैकड़ों कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया।
रिपोर्ट दर्ज कराई
भाजपा देहात अध्यक्ष दिलीप मीणा ने शरद शर्मा पर रिवाॅल्वर तानने की रिपोर्ट मौके पर तैनात थानाधिकारी रामस्वरूप मीणा को दी। वे उसकी गिरफ्तारी करने की मांग पर अड़ गए। कुछ देर बाद कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम कर दिया। इस बीच बारां व सीसवाली से भी भारी मात्रा में पुलिस बल पहुंच गया। लगातार एक घंटे से ज्यादा समय तक कभी मंत्री के खिलाफ नारेबाजी तो कभी चक्काजाम का खेला चलता रहा।
पुलिस ने किया बलप्रयोग
इस बीच बारां रोड पर योजनाबद्ध तरीके से एकत्र हुए कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता दुपहिया व चारपहिया वाहनों पर सवार हो हाथों में लाठियां लेकर आजाद तिराहे पहुंचे। यहां भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आमना-सामना हुआ तो पुलिस ने बीच-बचाव किया, लेकिन भाजपा व कांग्रेस के कार्यकर्ता दोनों ही पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने पहले लाठियां फटकारी, बाद में लाठीचार्ज कर सबको खदेड़ दिया।
इस दौरान वहां प्रदर्शन कर रहें अंता प्रधान प्रखर कौशल, विष्णु गौतम, आनंद गर्ग की पुलिस से बहस हुई। विष्णु गौतम पुलिस की लाठियों का शिकार हुए। पुलिस व भाजपा नेताओं के बीच धक्कामुक्की के चलते पुलिस ने लाठीचार्ज कर सबको खदेड़ रास्ता साफ किया। तब मंत्री व कांग्रेस कार्यकर्ता महाविद्यालय में पहुंचे व कॉलेज का उद्घाटन किया। इससे पहले मूसलाधार बरसात होने से वहां लगा समारोह स्थल गीला हो गया और अव्यवस्था फैल गई।
आनन-फानन में उद्घाटन करने के बाद वहां स्थित हाॅल में मंत्री प्रमोद जैन भाया ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरस्वती के मंदिर के कार्यक्रम में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने ओछी हरकत की है। भाजपा को कांग्रेस सरकार के विकास कार्य रास नहीं आ रहे। मांगरोल में पीजी काॅलेज कांग्रेस सरकार की देन है। भविष्य में यहां बीएड काॅलेज भी खुले, ऐसे प्रयास किए जाएंगे। मं
त्री ने सीमल्या निवासी केप्टन नरेश मीणा के नाम पर काॅलेज का नाम रखने के अपने प्रयासों से भी लोगों को अवगत कराया। कार्यक्रम को प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य हंसराज मीणा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष रामचरण मीणा, पालिकाध्यक्ष कौशल सुमन, प्रवीण शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मनोज नागर, सरपंच संघ अध्यक्ष लखन मीणा, कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद इजहार खान, मंडल अध्यक्ष महावीर पांचाल, शिशुपाल मीणा, पंचायत समिति सदस्य शिमला बैरवा, पंचायत समिती प्रधान चंद्रकांता मीणा, विक्रांत नरवाला, सत्यनारायण चौधरी, प्रेमसिंह हाड़ा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Updated on:
22 Sept 2023 07:18 pm
Published on:
22 Sept 2023 07:14 pm
बड़ी खबरें
View Allबारां
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
