बारां. जिले के लोगों के लिए महामारी को मात देन वाली खुशी का टीका आ गया है। टीके की पहली खेप गुरुवार रात बारां पहुंचने के साथ ही कोरोना के खात्मे का काउंटडाउन शुरू हो गया। वैक्सीन को लेकर जिले भर में खुशी का माहौल है। यहां वैक्सीन पहुंचने का लम्बे समय से इंतजार किया जा रहा था। वैक्सीन के स्वागत में स्टोर को फूल माला व गुब्बारों से सजाया गया। इसके लिए स्वास्थ्य भवन में अधिकारी कर्मचारी जमा हो गए थे। जैसे ही रात 7.45 बजे वैक्सीन वैन पहुंची तो इंतजार कर रहे सीएमएचओ डॉ. सम्पतराज नागर, आरसीएचओ डॉ. जेपी कुशवाह, डॉ. नरेन्द्र नागर व शहरी डीपीएम राकेश नागर समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारियों ने ताली बजाकर तथा पूजा अर्चना कर गर्मजोशी से उसका स्वागत किया। जिले को कोरोना की 9180 कोविशील्ड की वैक्सीन मिली है। अब लोग कहते नजर आए, लो आ गई वैक्सीन, अब लगवा लो राहत का टीका।