बारां. अपनी मांगों के लिए अन्न त्याग कर अनशन कर रहे जेल प्रहरियों के आन्दोलन के चौथे दिन में अब तक जिले के छबड़ा व बारां में 25 जेल प्रहरियों को भर्ती करवाया जा चुका है। इसके चलते अब जेल की व्यवस्था प्रभावित होने लगी है।
सोमवार को जिला जेल के 11 अनशनकारी जेल प्रहरियों को जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया है। जिसके चलते अब तक जिला चिकित्सालय में 15 अनशनकारी जेल प्रहरी भर्ती कराए जा चुके हैं। इससे पूर्व चार प्रहरी भर्ती करवाए जा चुके थे। वहीं छबड़ा में रविवार को 7 तथा सोमवार को तीन जेल प्रहरियो को भर्ती करवाया गया है। रविवार रात्रि को एक प्रहरी केशव को तबीयत बिगडऩे पर भर्ती करवाया गया था। वहीं सोमवार को सुबह 10 प्रहरियों को चिकित्सालय में भर्ती करवाकर उपचार किया जा रहा है। जिनमें जेल प्रहरी विजय, तेज सिंह, दीपक, नवीन, मनदीप, विष्णु, जीतपाल, सुशील कुमार, तथा दो महिला प्रहरी मीनाक्षी व विमलेश शामिल है।
जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश अग्रवाल ने बताया कि अनशनकारी जेल प्रहरियो की नियमित जांच की जा रही है। सोमवार को सुबह भी करीब 21 प्रहरियो की जांच चिकित्सा दल की ओर से की गई है।
जेलर किशनचन्द मीणा ने बताया कि लगातार जेल प्रहरी चिकित्सालय में भर्ती होने से नफरी कम होकर आधी रह गई है। जिसके चलते व्यवस्थाए प्रभावित हो रही है। जहां दो प्रहरीयो को तेनात किया जाता था वहां एक प्रहरी से ही काम चलाना पड़ रहा है। हालाकि जेल के बाहरी क्षेत्र में तो आरएससी के जवान होने से अधिक परेशानी नही है। इस मामले में उच्चाधिकारीयो को अवगत करवा दिया गया है। अब आगे जैसे दिशा निर्देश मिलेंगे उनकी पालना की जाएगी।