बारां. 12 वर्षीय बाल मुमुक्षु कल्प कुमार बोरडिया के दीक्षा प्रसंग पर रविवार को जैन समाज वरघोड़ा शोभायात्रा निकाली।
शोभायात्रा के शुभारंभ से पहले चौमुखा बाजार क्षेत्र स्थित चंद्रप्रभु मंदिर पर पंचकल्याणक पूजन का आयोजन किया गया। उसके बाद वरघोड़ा शोभायात्रा निकाली गई। शहर के विभिन्न मार्गों से होकर वरघोड़ा शोभायात्रा सार्वजनिक संस्था धर्मादा धर्मशाला पहुंची। इस दौरान मार्ग में अनेकों स्थान पर शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। शोभायात्रा में सजे धजे ऊंट व घुड़सवार के साथ ही जैन समाज का ब्रास बैंड आकर्षण का केंद्र रहा। जिसकी कमान जिला प्रमुख उर्मिला जैन ने संभाली। वरघोड़ा शोभायात्रा के दौरान प्रताप चौक पर खान एवं गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया भी भजनों पर खूब नाचे।
चंद्रप्रभु महिला मंडल अध्यक्ष उर्मिला जैन ने बताया कि यह हाडोती व बारां का सौभाग्य है कि इस क्षेत्र में ऐसे बालक ने जन्म लिया। जो सुख-वैभव, घर-परिवार त्याग कर संयम पद की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिता विजय कुमार, माता शिल्पा बोरडिया के पुत्र कल्पकुमार की दीक्षा का पालीताणा गुजरात में 14 दिसंबर को होगा। इसमें मुनि नयनचंद्र सागर सूरीश्वर व मुनि अजीतचंद्र सागर के सान्निध्य में दीक्षा समारोह आयोजित होगा।