
बरेली। नगर निगम कार्यकारिणी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1072 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पास कर दिया। इस बार बजट में शहर को गड्ढामुक्त बनाने, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और स्मार्ट सुविधाओं को बढ़ाने पर खास जोर दिया गया है। अब इसे अंतिम मंजूरी के लिए बोर्ड बैठक में रखा जाएगा।
शहर की सड़कों की हालत सुधारने के लिए निगम ने 140 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इस राशि से नई सड़कों का निर्माण और पुरानी सड़कों की मरम्मत की जाएगी, जिससे लोगों को गड्ढों से राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत 70 करोड़ रुपये शहर के प्रमुख मार्गों के सौंदर्यीकरण और चौड़ीकरण पर खर्च किए जाएंगे। वहीं, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 15 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है, जिससे शहर में रोशनी और सुरक्षा दोनों बेहतर होंगी।
ग्रीन बरेली अभियान के तहत 11 करोड़ रुपये पौधारोपण पर खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण पर 20 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। नगर निगम का दावा है कि इस बजट से शहर के बुनियादी ढांचे में सुधार होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि यह बजट शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें सड़कों, सफाई, जल निकासी और स्मार्ट सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है, ताकि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि गड्ढामुक्त सड़कें, बेहतर स्ट्रीट लाइट और स्वच्छता व्यवस्था इस बजट के मुख्य लक्ष्य हैं। ग्रीन बरेली अभियान के तहत शहर में बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। महापौर डा. उमेश गौतम ने कहा कि नगर निगम शहर को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस बजट के जरिए बरेली को विकास के नए मानकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
Published on:
25 Mar 2026 10:03 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
