
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
बरेली। भोजीपुरा क्षेत्र के मुड़िया चेतराम गांव निवासी आइसक्रीम फैक्टरी कर्मचारी आदेश मिश्रा की हत्या का फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने महज 3500 रुपये के लालच में आदेश की गला दबाकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद दोनों आरोपी रुपये बांटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने सुरागकशी और पूछताछ के आधार पर दोनों को दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक आदेश मिश्रा 15 मई की रात एक शादी समारोह से लौट रहे थे। डीजे पर डांस के दौरान गिरने से उनके सिर में हल्की चोट लग गई थी। शुक्रवार सुबह शंखा पुल के पास उनकी मुलाकात फरीदपुर के बल्लिया गांव निवासी सोनू कश्यप और मीरगंज के नगरिया सादात निवासी शहंशाह से हुई। बातचीत के दौरान तीनों में दोस्ती हो गई। आदेश ने बताया कि वह आइसक्रीम फैक्टरी में काम करता है और शादी समारोह से लौट रहा है।
तीनों ऑटो से बल्लिया पहुंचे, जहां आदेश के सिर की चोट पर डॉक्टर से पट्टी कराई गई। इसके बाद मड़ौली इलाके में एक खोखे से शराब खरीदी गई। शराब के पैसे देने के दौरान आरोपियों ने आदेश के पर्स में रखे 3500 रुपये देख लिए। यहीं से दोनों की नीयत बदल गई और उन्होंने आदेश को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीनों नहर पटरी पर बैठकर शराब पी रहे थे। सोनू और शहंशाह ने चालाकी से आदेश को ज्यादा शराब पिला दी। जब वह पूरी तरह नशे में हो गए तो दोनों ने मिलकर उनका गला दबा दिया। हत्या के बाद दोनों ने पर्स से रुपये निकाल लिए और रकम आपस में बांट ली। सोनू को 1700 रुपये और शहंशाह को 1800 रुपये मिले। इसके बाद दोनों हाईवे पहुंचकर वाहन से मीरगंज लौट गए।
शुरुआत में पुलिस इसे ज्यादा शराब पीने से मौत का मामला मान रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद जांच का रुख बदल गया। फतेहगंज पश्चिमी थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह और पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास सुराग जुटाए। पूछताछ के दौरान एक व्यक्ति ने सोनू का नाम बताया, जिसके बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। एएसपी शिवम आशुतोष ने बताया कि आदेश की हत्या अंजान लोगों ने की थी, इसलिए शुरुआत में कोई ठोस सुराग नहीं मिल रहा था। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास गहन पूछताछ की और आखिरकार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेशी के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
Published on:
19 May 2026 10:14 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
