
बरेली। शहर के नैनीताल रोड पर सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही मॉडल रोड के रास्ते में आ रहे अतिक्रमणों पर नगर निगम ने शिकंजा कस दिया है। चिह्नीकरण अभियान में कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप से कुदेशिया फाटक तक सड़क के दोनों ओर 386 छोटे-बड़े कब्जे चिन्हित किए गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
निगम की टीम ने बताया कि कई जगह एक फीट से लेकर 16 फीट तक सड़क व फुटपाथ पर अवैध निर्माण मिला है। इसमें स्कूल-कॉलेज की दीवारें, अपार्टमेंट गेट, बरातघर, अस्पताल, दुकान और मकानों के हिस्से तक शामिल हैं। चिह्नीकरण के बाद अब शनिवार से संबंधित भवनों पर नोटिस चस्पा करने की तैयारी है। कब्जाधारियों को एक सप्ताह का समय दिया जाएगा कि वे खुद अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा पीलीभीत रोड की तरह सीधे बुलडोजर चलाने की कार्रवाई होगी।
इस मार्ग पर लंबे समय से अतिक्रमण के कारण हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। सीएम ग्रिड परियोजना के तहत कोहाड़ापीर से सूद धर्मकांटा और कुदेशिया फाटक तक सड़क को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जा रहा है, लेकिन कब्जों के चलते काम में बाधा आ रही थी। गुरुवार से शुरू हुआ यह अभियान शुक्रवार को भी जारी रहा। तीन घंटे से ज्यादा समय तक चले अभियान के दौरान किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
नगर निगम की टीम ने 1920-1921 के पुराने नक्शे के आधार पर सड़क की मूल चौड़ाई चिन्हित की है। इसी के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। हालांकि कई कब्जेदार इस पर आपत्ति जता रहे हैं, जिस पर निगम प्रशासन जवाब देने की बात कह रहा है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने स्पष्ट कहा कि सड़क और फुटपाथ आम जनता के लिए हैं। अतिक्रमण किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। सीएम ग्रिड योजना शासन की प्राथमिक परियोजना है, इसलिए नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
11 Apr 2026 01:18 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
