
पीलीभीत। जिले के मझोला पकड़िया रेलवे स्टेशन के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद रेलवे प्रशासन ने टनकपुर-दिल्ली-टनकपुर जनशताब्दी एक्सप्रेस के लिए यहां दो मिनट का अतिरिक्त ठहराव स्वीकृत कर दिया है। गुरुवार को जिले के सांसद एवं केंद्रीय वाणिज्य उद्योग, इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने मझोला पकड़िया स्टेशन पहुंचकर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अब तक टनकपुर-दिल्ली-टनकपुर जनशताब्दी एक्सप्रेस का मझोला पकड़िया स्टेशन पर ठहराव नहीं होता था, जिससे क्षेत्रीय यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने लंबे समय से इस ट्रेन के ठहराव की मांग उठाई थी। नगर पंचायत अध्यक्ष निशांत प्रताप सिंह ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सांसद जितिन प्रसाद से इस संबंध में मांग रखी थी। जनभावना को देखते हुए रेलवे मंत्रालय ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी। रेलवे प्रशासन द्वारा गुरुवार से मझोला पकड़िया स्टेशन पर दो मिनट के अतिरिक्त ठहराव की व्यवस्था लागू कर दी गई है। इससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधे टनकपुर और दिल्ली के लिए सुविधा मिलेगी। अब यात्रियों को अन्य स्टेशनों पर जाकर ट्रेन पकड़ने की मजबूरी नहीं रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान सांसद जितिन प्रसाद ने स्टेशन पर पहुंचकर जनशताब्दी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा सरकार "सबका साथ, सबका विकास" के सिद्धांत पर कार्य कर रही है और जनपद को चहुंमुखी विकास की ओर ले जाया जा रहा है। रेल सुविधाओं का विस्तार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष निशांत प्रताप सिंह, चमकौर सिंह, संजीव मिश्रा, योगेश बडगोती सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। रेलवे विभाग के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे और नए ठहराव को औपचारिक रूप से लागू किया गया। क्षेत्रवासियों ने इस निर्णय पर खुशी जताते हुए इसे मझोला पकड़िया के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। अब यह स्टेशन भी जनशताब्दी जैसी प्रमुख ट्रेन के नक्शे पर दर्ज हो गया है, जिससे स्थानीय व्यापार और आवागमन को भी गति मिलने की उम्मीद है।
Updated on:
26 Feb 2026 03:07 pm
Published on:
26 Feb 2026 02:53 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
