26 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बरेली की इस प्लाई फैक्टरी पर आयकर का धावा, यूपी से उत्तराखंड तक एक साथ गिरी गाज

फरीदपुर के भगवानपुर फुलवा गांव में गुरुवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पांचजन्य प्लाई बोर्ड फैक्टरी के गेट पर अचानक आयकर विभाग की गाड़ियों का काफिला आकर रुका।

2 min read
Google source verification

बरेली। फरीदपुर के भगवानपुर फुलवा गांव में गुरुवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पांचजन्य प्लाई बोर्ड फैक्टरी के गेट पर अचानक आयकर विभाग की गाड़ियों का काफिला आकर रुका। सुबह करीब पांच बजे टीम ने फैक्टरी के अंदर घुसते ही कार्रवाई शुरू कर दी। नींद में डूबा इलाका कुछ ही मिनटों में सायरनों और हलचल से गूंज उठा।

सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग की करीब 10 टीमें अलग-अलग स्थानों पर एक साथ सक्रिय हुईं। फैक्टरी मालिक रवि नोमानी के आवास से लेकर उनकी अन्य औद्योगिक इकाइयों पर भी दबिश दी गई। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड तक फैले कारोबारी ठिकाने जांच के घेरे में हैं। टैक्स चोरी की आशंका को लेकर की गई इस बड़ी कार्रवाई ने कारोबार जगत में खलबली मचा दी है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया है। फैक्टरी के भीतर आयकर अधिकारी खातों, कंप्यूटर डाटा और जरूरी दस्तावेजों की गहन जांच कर रहे हैं। बाहर सुरक्षा घेरा कस दिया गया है और किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने की इजाजत नहीं है।

गेट पर लौटे मजदूर, दिनभर ठप रहा कामकाज

सुबह की शिफ्ट में पहुंचे मजदूरों को फैक्टरी गेट से ही वापस लौटा दिया गया। छापेमारी के चलते फैक्टरी का संचालन पूरी तरह ठप रहा। हालांकि मौके पर मौजूद एक जवान ने साफ किया कि मजदूरों के प्रवेश पर उनकी ओर से कोई रोक नहीं थी, बल्कि प्रबंधन ने ही फिलहाल काम बंद रखा है। इस हाईप्रोफाइल छापेमारी ने पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हलचल मचा दी है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच में क्या निकलकर सामने आता है और आयकर विभाग आगे क्या कदम उठाता है। फिलहाल फरीदपुर की यह फैक्टरी जांच के साए में है और कारोबारियों में बेचैनी साफ देखी जा रही है।