
बदायूं। शादी की खुशियां अभी थमी भी नहीं थीं कि तड़के बरेली-मथुरा हाईवे पर मौत ने दस्तक दे दी। उझानी कोतवाली क्षेत्र में बरात से लौट रही निजी बस की रोडवेज बस से आमने-सामने ऐसी भिड़ंत हुई कि तीन जिंदगियां मौके पर ही बुझ गईं। 12 लोग घायल हैं, जिनमें चार की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
कासगंज के सहावर थाना क्षेत्र के गांव नगला भम्मा निवासी प्रेमपाल के बेटे राजवीर की बरात शाहजहांपुर के बारह कलां गई थी। रातभर जश्न मनाने के बाद सुबह करीब पांच बजे बराती बस से लौट रहे थे। जैसे ही बस उझानी क्षेत्र में गांव जिला के पास हाईवे पर पहुंची, सामने से आ रही बदायूं डिपो की रोडवेज बस से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि निजी बस का एक हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया। अंदर बैठे लोग सीटों से उछल पड़े और कुछ यात्री बस में फंस गए।
हादसे में कासगंज के ईशेपुर निवासी योगेश (32), बीवी सलेमपुर निवासी सोनू (21) और उझानी के कछला वार्ड नंबर पांच निवासी किशन (14) की मौके पर ही मौत हो गई। जीतू, वासु, सुरेश, मुरारी लाल, अभिषेक, मुन्नालाल, सत्यवीर, निछत्र पाल और राम सुशील समेत 12 लोग घायल हैं। इनमें मुन्नालाल, सत्यवीर, निछत्र पाल और राम सुशील की हालत नाजुक होने पर उन्हें बरेली रेफर किया गया है।
हादसे के वक्त बस में करीब 55 लोग सवार थे। टक्कर के बाद बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण और राहगीर दौड़ पड़े। किसी ने शीशा तोड़ा, किसी ने दरवाजा उखाड़कर घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। क्रेन बुलाकर दोनों बसों को हटाया गया, तब कहीं जाकर यातायात सामान्य हो सका।
शादी से लौट रही बस में मातम छा गया। जिन घरों में बारात की खुशियां थीं, वहां अब रोने की आवाजें गूंज रही हैं। परिजन बदहवास हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर तड़के हाईवे पर इतनी बड़ी टक्कर कैसे हो गई, क्या रफ्तार बेकाबू थी या लापरवाही हावी, फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
संबंधित विषय:
Published on:
22 Feb 2026 12:05 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
