
बरेली। नैनीताल हाईवे पर रोज-रोज लगने वाले जाम से अब राहत मिलने वाली है। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल क्षेत्र में डीआरएम ऑफिस और यांत्रिक कारखाना के बीच बन रहा अंडरपास अब लगभग तैयार है। करीब 16.8 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस प्रोजेक्ट का 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। सिर्फ दोनों छोर पर छत डालने और फिनिशिंग का काम बाकी है।
नैनीताल हाईवे पर डीआरएम ऑफिस के पास एक रेलवे क्रासिंग है, जबकि उससे पहले यांत्रिक कारखाना के पास दूसरी क्रासिंग पड़ती है। जैसे ही कोई ट्रेन या इंजन गुजरता है, दोनों फाटक एक साथ बंद कर दिए जाते हैं। नतीजा ये है कि हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें और घंटों का जाम रहता है। नैनीताल, बहेड़ी और भोजीपुरा की ओर से आने-जाने वाले वाहनों की रफ्तार थम जाती है। सड़क संकरी पड़ जाती है और लोग रोजाना जाम की मार झेलते हैं।
बार-बार फाटक बंद होने और बढ़ती ट्रैफिक समस्या को देखते हुए रेलवे ने अंडरपास का प्रस्ताव तैयार किया। साल 2023 के मध्य में काम शुरू हुआ। पिछले साल मई में 90 दिनों तक रूट डायवर्जन लेकर हाईवे के नीचे सुरंग की खोदाई की गई। इसके बाद निर्माण कार्य में तेजी लाई गई। करीब 470 मीटर लंबा यह अंडरपास दोनों क्रासिंग के बीच बनाया जा रहा है। रेलवे लाइन के पार यांत्रिक कारखाना और डीआरएम ऑफिस के बीच का काम लगभग पूरा हो चुका है। नैनीताल हाईवे पर रेलवे लाइन से पहले कुछ हिस्से का काम शेष है। इसके अलावा दोनों छोर पर छत बिछाने का कार्य किया जाना है। इसके बाद अंतिम फिनिशिंग होगी। निर्माण पूरा होते ही उद्घाटन के बाद इसे आम वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।
इज्जतनगर मंडल के सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा के मुताबिक, अंडरपास का काम तेजी से चल रहा है और अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। अंडरपास शुरू होते ही दोनों रेलवे क्रासिंग बंद कर दी जाएंगी, जिससे नैनीताल हाईवे पर जाम की समस्या खत्म होने की उम्मीद है। अब नजरें उद्घाटन की तारीख पर टिकी हैं, क्योंकि इस अंडरपास के शुरू होते ही हजारों वाहन चालकों को रोजाना की परेशानी से राहत मिलने वाली है।
संबंधित विषय:
Updated on:
22 Feb 2026 12:31 pm
Published on:
22 Feb 2026 12:30 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
