7 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

तहसील गेट पर चस्पा मौत का फरमान, लाल स्याही में लिखा ‘अल्लाह के वली का आदेश’, दफ्तर सील, कर्मचारियों के उड़े होश

मंगलवार सुबह कलीनगर तहसीलदार कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब रोज की तरह दफ्तर खोलने पहुंचे कर्मचारियों की नजर मुख्य गेट पर चस्पा एक संदिग्ध पर्चे पर पड़ी।

less than 1 minute read
Google source verification

पीलीभीत। मंगलवार सुबह कलीनगर तहसीलदार कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब रोज की तरह दफ्तर खोलने पहुंचे कर्मचारियों की नजर मुख्य गेट पर चस्पा एक संदिग्ध पर्चे पर पड़ी। लाल कलम से लिखे गए इस संदेश ने सभी को हैरत में डाल दिया और कुछ देर के लिए पूरे परिसर में दहशत फैल गई।

पर्चे में लिखा था कि यह “अल्लाह के वली का आदेश” है और तहसीलदार कार्यालय को सील कर दिया गया है। इतना ही नहीं, उसमें यह भी चेतावनी दी गई थी कि “पूर्ण पृथ्वी छोड़कर कहीं चले जाओ” और जो भी व्यक्ति इस आदेश को पढ़ेगा, उसकी मृत्यु हो जाएगी। इस तरह की भाषा ने कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों को सन्न कर दिया।

धमकी, जुर्माना और बैंक खातों का भी जिक्र

पर्चे पर चार अप्रैल की तारीख अंकित थी। इसमें जुर्माना, सजा, रुपये और बैंक खाते जैसे शब्दों का भी उल्लेख किया गया था, जिससे मामला और ज्यादा संदिग्ध नजर आया। सुबह-सुबह इस तरह का अजीब और डराने वाला संदेश देखकर तहसील परिसर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

अधिकारियों को सूचना, पर्चा हटाकर शुरू हुआ काम

घटना की सूचना मिलते ही अधिकारियों को अवगत कराया गया। निर्देश पर पर्चे को तुरंत गेट से हटाया गया और कार्यालय को सामान्य रूप से खोलकर कामकाज शुरू कर दिया गया। हालांकि, कुछ समय तक कर्मचारियों में असमंजस की स्थिति बनी रही।

अज्ञात व्यक्ति की हरकत, जांच जारी

तहसील प्रशासन का कहना है कि यह हरकत किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा रात के समय की गई प्रतीत होती है। प्रथम दृष्टया मामला किसी मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति की शरारत लग रहा है, लेकिन पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। फिलहाल इस रहस्यमयी पर्चे को लेकर तहसील परिसर में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।