7 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बरेली से फर्रुखाबाद-कन्नौज का सफर होगा आसान, नई रेल लाइनों के सर्वे को मंजूरी, बढ़ेगी कनेक्टिविटी

बरेली से फर्रुखाबाद और कन्नौज जाने वाले यात्रियों को फिलहाल सीधी ट्रेन सुविधा नहीं मिल पाती। इस कारण लोगों को मजबूरी में सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ता है।

2 min read
Google source verification

बरेली। बरेली से फर्रुखाबाद और कन्नौज जाने वाले यात्रियों को फिलहाल सीधी ट्रेन सुविधा नहीं मिल पाती। इस कारण लोगों को मजबूरी में सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ता है। सड़क से सफर करने में जहां ज्यादा समय लगता है, वहीं यात्रियों की जेब पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ता है। यहां तक कि कानपुर तक रेल यात्रा भी आसान नहीं है, क्योंकि बरेली से कानपुर के लिए अभी केवल दो ही ट्रेनों का संचालन होता है।

रेलवे की ओर से अलग-अलग रूटों पर नई रेल लाइनों की योजना तैयार की जा रही है, जिससे भविष्य में इन शहरों तक रेल यात्रा आसान हो सकेगी। रेलवे बजट में कई नई लाइनों के फाइनल लोकेशन सर्वे को मंजूरी दी गई है, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

बालामऊ में 10 किमी कॉर्ड लाइन का सर्वे

रेलवे की पिंक बुक के अनुसार उत्तर रेलवे ने उन्नाव से मुरादाबाद तक ट्रेनों के सीधे संचालन के लिए बालामऊ में करीब 10 किलोमीटर लंबी कॉर्ड लाइन के इंजीनियरिंग और ट्रैफिक सर्वे को मंजूरी दी है। इसके साथ ही हरदोई और गुरसहायगंज के बीच 59.30 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे को भी स्वीकृति मिल चुकी है।

शाहजहांपुर-हरदोई होकर कन्नौज और कानपुर पहुंचना होगा आसान

गुरसहायगंज स्टेशन फर्रुखाबाद और कन्नौज के बीच का प्रमुख स्टेशन है और इसी रूट से कानपुर के लिए ट्रेनें संचालित होती हैं। नई रेल लाइन बिछने के बाद बरेली से शाहजहांपुर और हरदोई होते हुए कन्नौज तथा कानपुर तक सीधा रेल मार्ग उपलब्ध हो सकेगा, जिससे यात्रियों का सफर काफी आसान हो जाएगा।

नैमिषारण्य-फर्रुखाबाद नई लाइन का भी सर्वे

इसके अलावा नैमिषारण्य से हरदोई होते हुए फर्रुखाबाद तक करीब 112 किलोमीटर लंबी नई ब्रॉडगेज लाइन के प्राथमिक इंजीनियरिंग और ट्रैफिक सर्वे को भी मंजूरी दी गई है। इस लाइन के बनने से यात्रियों को फर्रुखाबाद के रास्ते कासगंज होते हुए मथुरा तक जाने के लिए नया और सुगम रेल मार्ग मिल सकेगा।