
बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में एक युवक की आपत्तिजनक करतूत से पड़ोस में रहने वाली युवती की शादी टूट गई। आरोप है कि युवक ने युवती के फोटो एडिट कर उसके मंगेतर को भेज दिए, जिससे मंगेतर और उसके परिजन भड़क गए और रिश्ता तोड़ दिया। घटना के बाद से पीड़िता और उसका परिवार मानसिक तनाव में है।
पीड़िता के अनुसार आरोपी युवक कैफी शहर का ही रहने वाला है और वर्तमान में सऊदी अरब में नौकरी करता है। वह शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता भी है। युवती ने बताया कि उसकी शादी करीब छह महीने पहले बदायूं जिले में तय हुई थी और शादी की तैयारियां चल रही थीं। युवती का आरोप है कि कैफी ने अपने दो साथियों और अपनी पत्नी के साथ मिलकर उसके फोटो एडिट किए। इन फोटो को उसके मंगेतर को भेजा गया और साथ ही उसके चरित्र और परिवार को लेकर गलत बातें फैलाई गईं। युवक की इस हरकत से मंगेतर और उसके घरवालों में गलतफहमी पैदा हो गई।
फोटो और आरोपों से आहत मंगेतर ने बिना सच्चाई जाने ही शादी से इंकार कर दिया। पीड़िता का कहना है कि उसने अपनी तरफ से काफी सफाई देने की कोशिश की, लेकिन तब तक मामला बिगड़ चुका था और शादी टूट गई। इससे युवती की सामाजिक छवि को भी नुकसान पहुंचा। पीड़िता ने बताया कि जब उसने इस पूरे मामले की शिकायत आरोपी की पत्नी और मां से की तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर युवती के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद युवती और उसका परिवार भय के साए में है।
घटना से परेशान होकर पीड़िता ने बारादरी थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली है। युवती ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पीड़िता को पूरा न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
संबंधित विषय:
Updated on:
19 Jan 2026 04:42 pm
Published on:
19 Jan 2026 04:41 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
