
बरेली। नवाबगंज इलाके में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पालतू कुत्ते के पिल्ले को बचाने के लिए चार वर्षीय बालक संकरी सुरंग में घुस गया और अंदर जाकर फंस गया। मासूम के सुरंग में फंसने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद जेसीबी मशीन की मदद से बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चे के बाहर आते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार बरखन निवासी संतोष पीलीभीत-बरेली बाईपास स्थित गरगईया निवासी शाकिर के गन्ने के कोल्हू पर मजदूरी करते हैं और परिवार के साथ वहीं रहते हैं। संतोष ने बताया कि उन्होंने एक कुत्ता पाल रखा है, जिसके दो पिल्ले हैं। गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक पिल्ला कोल्हू के पास बनी खाली सुरंग में घुस गया। पिल्ले को निकालने के लिए संतोष का चार वर्षीय पुत्र बिपिन भी उसी संकरी सुरंग में घुस गया, लेकिन अंदर जाकर वह फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। यह देखकर मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर जमा हो गए। लोगों ने फावड़ों और कुदाल से मिट्टी हटाकर बच्चे को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की, लेकिन सुरंग संकरी होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इस दौरान बच्चे के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आसपास मौजूद लोग उन्हें ढांढस बंधाते रहे और बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए लगातार प्रयास करते रहे।
जब स्थानीय प्रयासों से सफलता नहीं मिली तो पीलीभीत-बरेली बाईपास के निर्माण कार्य में लगी जेसीबी मशीन को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद करीब दो घंटे तक लगातार खुदाई की गई। आखिरकार कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चे के बाहर आते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और परिजनों की आंखों से खुशी के आंसू निकल पड़े।
घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी और बचाव कार्य में सहयोग किया। बताया जा रहा है कि यह घटना पीलीभीत-बरेली बाईपास पर फायर स्टेशन के ठीक सामने हुई। बच्चे के सकुशल बाहर निकलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। पिता संतोष ने बताया कि वह गरीब मजदूर हैं और कोल्हू पर काम करके ही परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक चर्चा का माहौल बना रहा।
Updated on:
12 Mar 2026 07:47 pm
Published on:
12 Mar 2026 07:46 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
