
फेसबुक पर दोस्ती कर महिला ने युवक से ठगे लाखों रुपये (फोटो सोर्स: एआई)
बरेली। सुभाषनगर क्षेत्र के एक युवक को लंदन की एक महिला से फेसबुक पर दोस्ती करना भारी पड़ गया। खुद को सीईओ बताने वाली महिला और उसके एक साथी ने मिलकर युवक से 1.12 लाख की ठगी कर ली। पीड़ित ने इस मामले में एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की। जिसके बाद सुभाषनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
सुभाषनगर क्षेत्र के सोनिया पोल्ट्री फार्म गली निवासी कौशलेन्द्र कुमार की फेसबुक पर एक महीने पहले लंदन निवासी ओलिविया जेम्स नाम की महिला से जान-पहचान हुई। ओलिविया ने खुद को लंदन की एक कंपनी की सीईओ बताया और दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हो गई। इसी बीच उसने झांसे में लेकर ठगी कर ली।
पीड़ित के अनुसार ओलिविया ने बताया कि वह दिल्ली आ रही है और कौशलेन्द्र से मिलना चाहती है। जब कौशलेन्द्र ने दिल्ली आने से इनकार किया तो ओलिविया ने जोर दिया। इसके थोड़ी देर बाद एक और कॉल आया और एक युवक ने खुद को नई दिल्ली एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ का जवान बताया। उसने कहा कि ओलिविया आपकी दोस्त है और उसे भारत में रुपये की जरूरत है। उसके पास विदेशी मुद्रा है, जो वह बरेली आकर लौटा देगी।
झांसे में आए कौशलेन्द्र ने गूगल पे पर 69,500 और फोन पे पर 42,500 ट्रांसफर कर दिए। कुल 1.12 लाख भेजने के बाद जवान ने फिर 99,900 की मांग की, तब जाकर कौशलेन्द्र को ठगी का शक हुआ और उसने आगे पैसे देने से इनकार कर दिया। जब कौशलेन्द्र ने ओलिविया को व्हाट्सएप किया तो कोई जवाब नहीं मिला। फोन किया तो भी कोई रिस्पॉन्स नहीं आया। इसके बाद युवक ने सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
संबंधित विषय:
Updated on:
01 Jun 2025 02:25 pm
Published on:
01 Jun 2025 02:25 pm
