
बरेली। शाही थाना क्षेत्र के सेवा ज्वालापुर गांव में शुक्रवार रात वॉलीबॉल मैच खेलने के बाद हैलोजन लाइट का तार हटाते समय एक युवक को करंट लग गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के बाहरी हिस्से में मंदिर के पास एक मैदान है, जहां गांव के युवक रोज रात में वॉलीबॉल खेलते हैं। खिलाड़ियों ने खंभे पर हैलोजन लाइट और नेट लगाकर अस्थायी व्यवस्था कर रखी है। शुक्रवार रात भी युवक मैच खेलने पहुंचे थे। मैच खत्म होने के बाद रात करीब दस बजे युवक हैलोजन लाइट बंद करने लगे। इसी दौरान एक युवक कूड़ेदान पर खड़े होकर खंभे पर डाला गया बिजली का तार हटाने लगा। तभी अचानक बिजली का तार 21 वर्षीय दुर्गा प्रसाद के हाथ से छू गया और उसे तेज करंट लग गया।
करंट का जोरदार झटका लगने से दुर्गा प्रसाद जमीन पर गिर पड़ा। साथी खिलाड़ियों ने तुरंत उसे उठाया और उपचार के लिए नजदीकी सीएचसी ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बरेली रेफर कर दिया। परिजन और साथी उसे आनन-फानन में बरेली के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां देर रात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों का कहना है कि मैदान में रोशनी के लिए खंभे से अवैध रूप से बिजली का तार डालकर हैलोजन लाइट लगाई गई थी। मैच के बाद इसी तार को हटाते समय यह हादसा हो गया।
Published on:
07 Mar 2026 02:53 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
