7 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीएम ग्रिड कार्य में अतिक्रमण हटाने पर बवाल, व्यापारियों ने निगम टीम को घेरा, लगाए ये आरोप

कोहड़ापीर से धर्मकांटा चौराहे तक चल रहे सीएम ग्रिड सड़क निर्माण कार्य के दौरान शनिवार को अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर निगम और व्यापारियों के बीच विवाद हो गया।

2 min read
Google source verification

बरेली। कोहड़ापीर से धर्मकांटा चौराहे तक चल रहे सीएम ग्रिड सड़क निर्माण कार्य के दौरान शनिवार को अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर निगम और व्यापारियों के बीच विवाद हो गया। नगर निगम की टीम बुलडोजर लेकर जैसे ही भारत सेवा ट्रस्ट के सामने पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की, वैसे ही आसपास के व्यापारी भड़क उठे और विरोध शुरू कर दिया। कुछ ही देर में मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।

बुलडोजर चलते ही शुरू हुआ विरोध

नगर निगम की टीम ने सीएम ग्रिड परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्य में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाया। निगम के कर्मचारी और अधिकारी बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंचे और भारत सेवा ट्रस्ट के सामने बनी दुकानों के आगे रखे टीन शेड और अन्य निर्माण को हटाने लगे। बुलडोजर चलते ही स्थानीय व्यापारियों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर एकत्र हो गए और नगर निगम की टीम का घेराव कर लिया। इस दौरान कुछ देर तक बहस और नोकझोंक भी होती रही।

व्यापारियों का आरोप, बिना सूचना की कार्रवाई

व्यापारियों का कहना था कि नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने से पहले उन्हें कोई नोटिस या सूचना नहीं दी। अचानक बुलडोजर लाकर कार्रवाई करना गलत है। उनका कहना है कि कई दुकानदार वर्षों से यहां दुकान चला रहे हैं और उनके पास दुकानों से जुड़े कागजात भी मौजूद हैं। व्यापारियों ने कहा कि यदि नगर निगम को कोई कार्रवाई करनी थी तो पहले नोटिस देकर समय दिया जाना चाहिए था, ताकि वे खुद अपने स्तर से निर्माण हटा सकें।

सड़क निर्माण में बाधा बन रहा अतिक्रमण

वहीं नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य का कहना है कि सीएम ग्रिड परियोजना के तहत सड़क का निर्माण और चौड़ीकरण किया जा रहा है। कई दुकानदारों ने दुकानों के आगे टीन शेड, प्लेटफॉर्म और अन्य निर्माण कर रखा है, जो सड़क निर्माण कार्य में बाधा पैदा कर रहे हैं। केवल दुकानों के आगे किए गए अतिक्रमण को हटाया जा रहा है ताकि निर्माण कार्य सुचारु रूप से चल सके।