22 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मौसम का यू-टर्न… बरेली में झमाझम बारिश, तेज हवाओं के साथ बदला मिजाज, किसानों की बढ़ी चिंता

शुक्रवार सुबह से ही मौसम ने अचानक करवट ली और शहर में रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया। करीब दो घंटे तक लगातार बारिश के साथ तेज हवाएं चलती रहीं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को ठंडक का अहसास हुआ।

2 min read
Google source verification

बरेली। शुक्रवार सुबह से ही मौसम ने अचानक करवट ली और शहर में रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया। करीब दो घंटे तक लगातार बारिश के साथ तेज हवाएं चलती रहीं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को ठंडक का अहसास हुआ। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और देखते ही देखते बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के साथ हुई इस बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 29.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पश्चिमी विक्षोभ बना वजह, आज भी बारिश के आसार

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक पंजाब और हरियाणा क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पछुआ हवाओं के साथ मैदानी इलाकों में पहुंच रहा है। इसके चलते शनिवार को भी गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में तैयार खड़ी गेहूं और सरसों की फसल को नुकसान होने का खतरा मंडरा रहा है। तेज हवा और बारिश के कारण फसल गिरने और कटाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

बदायूं- पीलीभीत में फिसलन और कीचड़ से परेशानी

बदायूं में भी रिमझिम बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया, लेकिन सड़कों पर फिसलन और जगह-जगह कीचड़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। राहगीरों और वाहन चालकों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिन तक हल्की बारिश के आसार जताए हैं। पीलीभीत में आधी रात के बाद तेज हवा के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई, जो सुबह तक जारी रही। यहां तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। किसानों ने चिंता जताई है कि तेज हवा के चलते गेहूं की फसल गिर सकती है और कटाई प्रभावित हो सकती है।