
बरेली। किला छावनी इलाके में शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महीने की मासूम बच्ची की घर के अंदर बंद हालत में मौत हो गई। माता-पिता सुबह घर बंद कर कहीं चले गए थे और रात में लौटे तो बच्ची मृत मिली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
किला छावनी में रहने वाले शादाब अपनी पत्नी हिना उर्फ शाहीन और परिवार के साथ किराए के मकान में रहते हैं। शनिवार सुबह दंपती अपनी एक महीने की बच्ची को घर में बंद कर कहीं चले गए। जब देर रात लौटे तो बच्ची घर के अंदर मृत अवस्था में पड़ी मिली। यह देख परिवार के होश उड़ गए।
बताया जा रहा है कि शादाब का परिवार बेहद गरीब है और भीख मांगकर जीवन यापन करता है। परिवार में चार बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और तीन बेटियां शामिल हैं। मृत बच्ची का जन्म एक महीने पहले ही हुआ था और वह सात माह में पैदा हुई कमजोर नवजात थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्ची पहले से ही कमजोर थी। किला थाना प्रभारी सुभाष यादव के मुताबिक, प्राथमिक तौर पर बच्ची की मौत कमजोरी और बीमारी के कारण हुई प्रतीत हो रही है। हालांकि, मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
परिवार पिछले चार महीने से जाहिद नाम के व्यक्ति के मकान में किराए पर रह रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है और बच्चों की देखभाल भी ठीक से नहीं हो पा रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि दंपती मानसिक रूप से भी कमजोर बताए जा रहे हैं। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कोई इसे गरीबी और मजबूरी बता रहा है तो कोई लापरवाही। लेकिन एक सवाल हर किसी के मन में है। क्या थोड़ी सी सावधानी से एक मासूम की जान बच सकती थी।
Published on:
21 Mar 2026 08:52 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
