22 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘विजिलेंस के नाम पर वसूली बंद करो’ सांसद का फूटा गुस्सा, स्मार्ट मीटर से बिजली कटौती पर भी बवाल

सर्किट हाउस में आयोजित समन्वय बैठक में बिजली निगम की कार्यशैली पर जनप्रतिनिधियों का गुस्सा फूट पड़ा। सांसद छत्रपाल गंगवार ने अफसरों को जमकर फटकार लगाते हुए साफ कहा—विजिलेंस जांच के नाम पर वसूली बंद करें, नहीं तो कार्रवाई तय है।

2 min read
Google source verification

बरेली। सर्किट हाउस में आयोजित समन्वय बैठक में बिजली निगम की कार्यशैली पर जनप्रतिनिधियों का गुस्सा फूट पड़ा। सांसद छत्रपाल गंगवार ने अफसरों को जमकर फटकार लगाते हुए साफ कहा—विजिलेंस जांच के नाम पर वसूली बंद करें, नहीं तो कार्रवाई तय है। वहीं स्मार्ट मीटर से बिजली कटौती को लेकर भी तीखी नाराजगी सामने आई।

विजिलेंस के नाम पर वसूली का आरोप, सांसद सख्त

सांसद छत्रपाल गंगवार ने बैठक में कहा कि विजिलेंस चेकिंग के नाम पर उपभोक्ताओं से वसूली की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। बिना मीटर रीडिंग लिए बिल बनाए जा रहे हैं और बिल संशोधन के नाम पर लोगों को दफ्तरों के चक्कर कटवाए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि तत्काल सुधार नहीं हुआ तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्मार्ट मीटर पर एमएलसी का हमला, ‘निगेटिव बैलेंस पर तुरंत कटौती’

एमएलसी कुंवर महाराज सिंह ने स्मार्ट मीटर को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं का बैलेंस निगेटिव होते ही बिजली काट दी जाती है, जबकि पुराने मीटर वाले 50 हजार रुपये बकाया होने के बावजूद आराम से बिजली जला रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं में भारी असंतोष है।

जेई पर प्रोटोकॉल तोड़ने का आरोप, फोन तक नहीं उठाया

सांसद प्रतिनिधि नरेंद्र गंगवार ने भोजीपुरा के जेई पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि एक पीड़ित ने जब जेई से सांसद से बात करने को कहा तो जेई ने साफ मना कर दिया। इस पर मुख्य अभियंता ने संबंधित जेई को तलब करने के निर्देश दिए।

‘बड़े बकायेदार चोर’… सांसद की कड़ी टिप्पणी

सांसद गंगवार ने ओटीएस योजना में 36 फीसदी वसूली को नाकाफी बताते हुए बड़े बकायेदारों को ‘चोर’ तक कह दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ नोटिस, आरसी और दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों पर डबल कनेक्शन का बोझ, बढ़े बिल से आक्रोश

मीरगंज क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य निरंजन यदुवंशी ने बताया कि कई घरों में दो-दो कनेक्शन दे दिए गए हैं, जिससे गरीब उपभोक्ताओं के बिल 9 हजार रुपये तक पहुंच रहे हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल ट्रॉली से उपकरण गायब होने की शिकायत भी सामने आई।

चुनावी साल में बिजली बना बड़ा मुद्दा

कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि चुनावी वर्ष में जनता बिजली और महंगाई को ही याद रखती है। अगर जनता का ‘तापमान’ सही रखा जाएगा तो परिणाम भी सही आएंगे।

मुख्य अभियंता बोले—सुधार होगा, बकायेदारों पर कार्रवाई जारी

मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने कहा कि सांसद द्वारा उठाए गए मुद्दों का संज्ञान लिया गया है। बड़े बकायेदारों से वसूली जारी है और कई के खिलाफ आरसी जारी की जा चुकी है। मार्च तक बकाया जमा न करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, महापौर डॉ. उमेश गौतम, विधायक डॉ. एमपी आर्य, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, अधीक्षण अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।