
थाना बिथरी चैनपुर (फोटो सोर्स: पत्रिका)
बरेली। जमीन खरीदने के नाम पर एक युवक से ठगी और फिर जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने दो लाख रुपये में एक प्लॉट का सौदा किया था। 50 हजार रुपये एडवांस भी दे दिए थे, लेकिन तय समय पर रजिस्ट्री नहीं कराई गई। बाद में जब रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाया तो विक्रेता और उसके परिवार वालों ने पांच लाख रुपये की मांग कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
बिथरी चैनपुर के रहने वाले शाहिद हुसैन के मुताबिक, 6 अक्टूबर 2023 को उन्होंने भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव हरवंशपुर उर्फ लक्ष्मीपुर की रहने वाली शबिरन पत्नी खलील अहमद से केसरपुर गांव में 200 गज का प्लॉट खरीदा था। रजिस्टर्ड एग्रीमेंट भी करवाया गया था। सौदा दो लाख में तय हुआ और 50 हजार रुपये बयाना भी दे दिया गया।
शाहिद का आरोप है कि जब रजिस्ट्री की तारीख नजदीक आई तो उन्होंने शबिरन और उसके बेटे अकरम से कई बार संपर्क किया। 5 सितंबर 2024 को जब शबिरन ने रजिस्ट्री का समय तय किया, उस दिन शाहिद पूरा दिन रजिस्ट्री ऑफिस बरेली में मौजूद रहे, लेकिन शबिरन नहीं पहुंची। इसके बाद जब उन्होंने फिर संपर्क किया तो आरोपी टालमटोल करने लगे।
कई बार कोशिशों के बाद जब शाहिद ने रजिस्ट्री के लिए दबाव डाला तो शबिरन और उसके बेटे अकरम, आरिफ और पति खलील अहमद ने साफ कह दिया कि अब प्लॉट तभी मिलेगा जब वह पांच लाख रुपये देंगे। जब शाहिद ने पुराना सौदा और रजिस्टर्ड एग्रीमेंट दिखाया तो आरोपियों ने धमकी दी कि अगर प्लॉट की तरफ भी देखा तो जान से मार देंगे।
पीड़ित शाहिद ने पूरे मामले की शिकायत एसएसपी अनुराग आर्य से की जिसके बाद एसएसपी ने रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। बिथरी चैनपुर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर बिथरी का कहना है पुलिस मामले की जांच कर रही है, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित विषय:
Updated on:
14 Jun 2025 02:10 pm
Published on:
14 Jun 2025 02:10 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
