
बरेली। नगर निगम में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत रही एक युवती तीन दिन से लापता है। परिजनों ने नगर निगम के टैक्स विभाग में कार्यरत बाबू सुनील राजपूत पर बहाने से बुलाकर अगवा करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
किला इलाके के निवासी युवती के पिता के अनुसार, उनकी बेटी दो साल पहले नगर निगम में संविदा कर्मचारी के रूप में नियुक्त हुई थी। आरोप है कि टैक्स विभाग में तैनात बाबू सुनील राजपूत ने साजिश रचकर उसे नौकरी से निकलवा दिया, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी।
11 फरवरी को युवती किसी जरूरी बातचीत के लिए नगर निगम गई थी। शाम 4:34 बजे उसने अपने पिता को फोन कर बताया कि सुनील राजपूत ने उसे बातचीत के लिए अपने घर बुलाया है। लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटी। चिंता बढ़ने पर परिजनों ने गणेशनगर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पास सुनील के घर जाकर पूछताछ की, जहां उसके भाई ने युवती के वहां आने से इनकार कर दिया।
युवती के पिता का आरोप है कि बाबू सुनील राजपूत लंबे समय से उनकी बेटी पर शादी का दबाव बना रहा था। एक ही विभाग में काम करने के कारण उसके पास युवती का फोन नंबर था और वह बार-बार फोन कर उसे परेशान करता था। अमर्यादित बातचीत और इमोशनल ब्लैकमेलिंग से तंग आकर युवती ने 7 अगस्त 2024 को कोतवाली में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बावजूद सुनील उसे लगातार परेशान करता रहा और जनवरी में उसे नौकरी से निकलवाने में भूमिका निभाई। इसके बाद भी वह समझौते के लिए दबाव डालता रहा।
युवती के लापता होने के बाद परिजनों ने कोतवाली में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस युवती की तलाश में जुटी है और सुनील राजपूत से भी पूछताछ की जा रही है। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है, जिससे पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए छानबीन कर रही है।
संबंधित विषय:
Published on:
15 Feb 2025 10:13 am
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
