
बरेली। होली पर घर जाने की जद्दोजहद के बीच रेलवे प्रशासन ने बरेली के यात्रियों को बड़ी राहत दी है। बरेली होकर गुजरने वाली 48 से अधिक होली स्पेशल ट्रेनों की समय-सारिणी जारी कर दी गई है। खास बात यह है कि कई ट्रेनों में स्लीपर और एसी कोच में अब भी बड़ी संख्या में सीटें खाली हैं, जिससे नियमित गाड़ियों पर दबाव कम होने लगा है और वेटिंग लिस्ट स्थिर पड़ गई है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार 05575/05576 सहरसा-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल 11 मार्च को सहरसा से तथा 10 और 17 मार्च को आनंद विहार से चलेगी। सहरसा से चलकर यह ट्रेन दूसरे दिन शाम 18:34 बजे बरेली पहुंचेगी और रात 01:05 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन सुबह 05:15 बजे आनंद विहार से चलकर 10:40 बजे बरेली पहुंचेगी। इसी तरह 05579/05580 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल छह से 15 मार्च तक अलग-अलग दिनों में संचालित होगी। यह भी दूसरे दिन 18:34 बजे बरेली पहुंचेगी। उत्तर रेलवे ने 04009 सीतामढ़ी-दिल्ली होली स्पेशल को 27 फरवरी और छह मार्च को चलाने की घोषणा की है, जो शाम 5:58 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार फरवरी के अंतिम सप्ताह और मार्च के दूसरे सप्ताह तक नियमित ट्रेनें फुल चल रही थीं, लेकिन स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ने से चार से छह मार्च के बीच कई लंबी दूरी की ट्रेनों में सीटें उपलब्ध हैं। बरेली होकर पूर्वांचल, बिहार, बंगाल, दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और जम्मू तक जाने वाली गाड़ियों में कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ गई है। सामान्य दिनों में बरेली से होकर औसतन 102 ट्रेनों का संचालन होता है। 28 फरवरी तक 38 नियमित गाड़ियां निरस्त थीं, लेकिन मार्च के पहले सप्ताह से इनका संचालन भी शुरू होगा। स्पेशल ट्रेनों को मिलाकर लंबी दूरी की 150 से अधिक ट्रेनें बरेली से होकर गुजरेंगी।
रेलवे ने 15020/15019 टनकपुर-देहरादून एक्सप्रेस की आवृत्ति बढ़ा दी है। 26 फरवरी से यह ट्रेन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को टनकपुर से चलेगी, जबकि वापसी में बुधवार, शुक्रवार और रविवार को देहरादून से संचालित होगी। इससे बरेली और आसपास के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं 12035/12036 टनकपुर-दिल्ली जन शताब्दी एक्सप्रेस को 26 फरवरी से मझोला पकड़िया स्टेशन पर दो मिनट का प्रायोगिक ठहराव दिया गया है। 29 अप्रैल से टनकपुर, बनबसा और खटीमा स्टेशनों के समय में भी बदलाव होगा। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे होली स्पेशल ट्रेनों में उपलब्ध सीटों की जांच कर समय से आरक्षण करा लें, ताकि त्योहार का सफर बिना भागदौड़ और परेशानी के पूरा किया जा सके। इस बार संकेत साफ हैं—होली पर घर पहुंचना पहले से ज्यादा आसान होने वाला है।
Updated on:
25 Feb 2026 12:56 pm
Published on:
25 Feb 2026 12:55 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
