
बरेली। शहर के प्रतिष्ठित बरेली कॉलेज परिसर में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव बेल्ट के सहारे दीवार के कॉलम से लटका मिला। सुबह टहलने निकले लोगों ने शव देखकर इसकी सूचना तुरंत कॉलेज प्रशासन और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची बारादरी पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय बिहारी राजपूत निवासी कालीबाड़ी के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के भतीजे अजय ने बताया कि बिहारी राजपूत शराब के आदी थे। रविवार शाम भी उन्होंने काफी शराब पी और टहलने के लिए घर से निकल गए थे। परिवार के लोग उनकी अनुपस्थिति को लेकर ज्यादा परेशान नहीं हुए, क्योंकि वह अक्सर नशे की हालत में रात भर घर से बाहर रहते थे। सोमवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस ने परिजनों को फोन कर जानकारी दी कि उनका शव बरेली कॉलेज के अंदर लटका मिला है।
भतीजे ने बताया कि वह यह मानने को तैयार नहीं हैं कि बिहारी ने खुदकुशी की है। उनका कहना है कि परिस्थितियां संदिग्ध हैं और मौके को देखकर हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाले जाने की तैयारी है।
बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडे का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ हो सकेगी कि यह आत्महत्या है या किसी ने युवक की हत्या कर शव को लटकाया है। कॉलेज परिसर में मिले शव के बाद छात्रों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
संबंधित विषय:
Updated on:
17 Nov 2025 12:34 pm
Published on:
17 Nov 2025 12:34 pm
