
बरेली। दिल्ली हाईवे किनारे बरेली के विकास का पहिया अब तेज रफ्तार पकड़ने जा रहा है। बीडीए बुधवार से बहुप्रतीक्षित नई औद्योगिक टाउनशिप के लिए भूमि खरीद प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। खास बात यह है कि करीब 600 किसानों ने पहले ही अपनी जमीन देने पर सहमति जता दी है, जिससे इस मेगा प्रोजेक्ट को जमीन पर उतारने का रास्ता साफ हो गया है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत बीडीए करीब 126.30 हेक्टेयर भूमि आपसी सहमति के आधार पर खरीदेगा। किसानों को शासन की नीति के अनुसार बाजार दर का चार गुना मुआवजा दिया जाएगा। इस फैसले से किसानों में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग स्वेच्छा से इस योजना से जुड़ रहे हैं।
नई औद्योगिक टाउनशिप भिटौरा, नौगवां, फतेहगंज पश्चिमी, चिटौली, रहपुरा जागीर और रसूला चौधरी गांवों की जमीन पर विकसित की जाएगी। बीडीए बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है, जिसके बाद अब रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू करने की पूरी तैयारी कर ली गई है। परियोजना को तेजी देने के लिए “मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना” के तहत सीड कैपिटल प्राप्त करने का प्रस्ताव भी पास किया गया है। इससे शुरुआती विकास कार्यों में वित्तीय बाधाएं नहीं आएंगी और काम समय से शुरू हो सकेगा।
बीडीए का दावा है कि दिल्ली हाईवे जैसी प्राइम लोकेशन पर इंडस्ट्रियल टाउनशिप बनने से बड़े उद्योगों का आगमन होगा। इससे बरेली और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही, स्थानीय युवाओं के लिए हजारों रोजगार के अवसर भी तैयार होंगे। प्राधिकरण का लक्ष्य है कि भूमि खरीद की प्रक्रिया को पारदर्शी और तेज गति से पूरा किया जाए, ताकि जल्द ही टाउनशिप के विकास कार्य शुरू किए जा सकें। यह परियोजना बरेली को औद्योगिक नक्शे पर नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
Published on:
22 Apr 2026 11:24 am
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
