
अस्पताल को सील करती स्वास्थ्य विभाग की टीम (फोटो सोर्स: पत्रिका)
बरेली। बहेड़ी में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहजी अल-शिफा हॉस्पिटल को सील कर दिया है। यह वही निजी अस्पताल है जहां हाल ही में इलाज के दौरान एक 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई थी, जिसकी शादी उसी दिन होने वाली थी।
अस्पताल का कोई वैध रजिस्ट्रेशन नहीं था और यह अवैध रूप से संचालित हो रहा था। स्वास्थ्य विभाग को जब इस बात की जानकारी हुई, तो सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित, स्थानीय मजिस्ट्रेट के साथ शनिवार को मौके पर पहुंचे और अस्पताल को सील कर दिया।
बहेड़ी के देवीपुरा गांव निवासी किशन लाल की बेटी शांति की शादी 14 मई को तय थी। लेकिन उसी दिन दोपहर में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने घबराहट और बेचैनी की शिकायत पर उसे पास के शाहजी अल-शिफा हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टर तसलीम अहमद उर्फ भूरा ने उसे ग्लूकोज ड्रिप देने का निर्णय लिया। परिजनों के अनुसार डॉक्टर ने बताया कि कमजोरी के कारण शांति की हालत बिगड़ी थी और ड्रिप लगाने से राहत मिलेगी। लेकिन कुछ ही मिनटों में उसकी हालत और ज्यादा बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे बरेली रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
जिस घर में खुशियों की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। हलवाइयों ने पकवान बना लिए थे, पंडाल सज चुका था, लेकिन दुल्हन के गुजरने की खबर से सब कुछ थम गया। बारात जो नवाबगंज से आ रही थी, उसे रास्ते से ही लौटा दिया गया। दूल्हा अजयवीर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वे तुरंत अस्पताल पहुंचे और विवाह स्थगित कर दिया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने अस्पताल पर हंगामा किया। इसी बीच आरोपी डॉक्टर मौके से फरार हो गया। पुलिस को सूचना दी गई, जिसने स्थिति को संभाला और परिजनों की तहरीर पर डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। बाद में उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
संबंधित विषय:
Published on:
24 May 2025 05:38 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
