
बरेली। हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव सुंडियावा में सोमवार रात एक नवविवाहिता का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की गहन जांच कराई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता ने दामाद समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव सिथरा निवासी तेजपाल ने बताया कि उन्होंने अपनी 18 वर्षीय पुत्री पूजा की शादी एक दिसंबर 2025 को गांव सुंडियावा निवासी भगवतसरन के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर पूजा को प्रताड़ित करने लगे थे। प्रताड़ना से परेशान होकर पूजा कुछ समय पहले मायके आ गई थी।
परिजनों के मुताबिक सोमवार को पूजा का पति उसे मनाकर अपने साथ ससुराल ले गया था। देर रात परिवार को सूचना मिली कि पूजा की मौत हो गई है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उसका शव कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला।
मृतका के पिता तेजपाल का आरोप है कि पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने मिलकर पहले पूजा के साथ मारपीट की और फिर उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया, ताकि घटना को आत्महत्या दिखाया जा सके। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर दामाद समेत छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी प्रवीन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Updated on:
10 Mar 2026 12:01 pm
Published on:
10 Mar 2026 12:01 pm
