
बरेली। उत्तर पश्चिमी रेलवे ने बरेली-बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन को जयपुर तक बढ़ाने की दिशा में पहल शुरू कर दी है। रेलवे बोर्ड को भेजे गए प्रस्ताव में इस ट्रेन को खातीपुर होते हुए जयपुर तक विस्तार देने और इसकी रफ्तार बढ़ाने का सुझाव दिया गया है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो बरेली से जयपुर के बीच यात्रियों को रोजाना सीधी ट्रेन सुविधा मिल सकेगी।
कोरोना काल के दौरान 54356-55 बरेली-बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन का संचालन बंद कर दिया गया था। लंबे समय तक ट्रेन बंद रहने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों और जनप्रतिनिधियों की मांग के बाद करीब पांच साल बाद 30 जनवरी से इस ट्रेन का संचालन फिर से शुरू किया गया। यह अनारक्षित श्रेणी की पैसेंजर ट्रेन बरेली और बांदीकुई के बीच चलती है। रास्ते में यह करीब 55 स्टेशनों पर रुकते हुए 418 किलोमीटर की दूरी तय करती है। खास बात यह है कि इस ट्रेन से छोटे स्टेशनों और कस्बों के यात्रियों को भी लंबी दूरी की यात्रा का सीधा लाभ मिलता है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार फिलहाल बरेली से जयपुर के लिए प्रतिदिन सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं है। इसी वजह से यात्रियों को या तो दूसरी ट्रेनों से लंबा रूट पकड़ना पड़ता है या फिर बीच में ट्रेन बदलनी पड़ती है। यात्रियों की इसी समस्या को देखते हुए रेलवे ने बरेली-बांदीकुई पैसेंजर को स्पीड अप करते हुए खातीपुर और जयपुर तक बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया है। अगर यह योजना लागू होती है तो बरेली से जयपुर की यात्रा काफी आसान हो जाएगी। रेलवे सूत्रों के मुताबिक नए वित्तीय वर्ष में इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय होने की संभावना जताई जा रही है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने एक और विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने मतुआ समाज मेले के अवसर पर 05030-29 काठगोदाम-ठाकुरनगर विशेष ट्रेन के संचालन की घोषणा की है। सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा ने बताया कि यह विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में एक-एक फेरा लगाएगी।
05030 काठगोदाम-ठाकुरनगर विशेष ट्रेन 15 मार्च को सुबह 10 बजे काठगोदाम से रवाना होगी। इसके बाद यह हल्द्वानी, लालकुआं और किच्छा होते हुए दोपहर 12:30 बजे बरेली सिटी और 1:30 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन लखनऊ, गोरखपुर, छपरा, बरौनी, कटिहार, कुमेदपुर, मालदा टाउन, रामपुरहाट, शांति निकेतन, वर्धमान और दमदम जैसे प्रमुख स्टेशनों से गुजरते हुए अगले दिन रात 8:40 बजे ठाकुरनगर पहुंचेगी।
वापसी में 05029 ठाकुरनगर-काठगोदाम विशेष ट्रेन 18 मार्च को सुबह 10:20 बजे ठाकुरनगर से चलेगी और अगले दिन रात 11:30 बजे काठगोदाम पहुंचेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस विशेष ट्रेन के संचालन से मतुआ समाज मेले में जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी और लंबी दूरी की यात्रा भी आसान होगी।
Updated on:
09 Mar 2026 05:14 pm
Published on:
09 Mar 2026 05:13 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
