
बरेली। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं, जब समारोह से लौट रहा एक परिवार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। शनिवार देर रात दिल्ली हाईवे पर स्वाले नगर के पास कार सड़क के बीच खड़े सेमल के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखचे उड़ गए। हादसे में दो बुजुर्गों और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार मृतकों में रामपुर के कल्याणपुर शहजादनगर निवासी 30 वर्षीय मोनी पत्नी गोविंद, 60 वर्षीय खेमकरन (गोविंद के पिता) और 85 वर्षीय रामगुलाम (निवासी शिवपुरी, थाना मुंडापांडे, मुरादाबाद) शामिल हैं। हादसे में गोविंद, उनका दो वर्षीय बेटा और चाचा राम बहादुर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को रामपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि गोविंद अपने परिवार के साथ थाना शाही क्षेत्र के गांव मंसूरगंज में बुआ के बेटे राहुल की शादी में शामिल होने गए थे। देर रात करीब एक बजे सभी लोग कार से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार स्वाले नगर के पास पहुंची, सड़क के बीच खड़े सेमल के पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
रविवार सुबह घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस सेमल के पेड़ से कार टकराई, वह लंबे समय से सड़क के बीचों-बीच खड़ा है। इससे पहले भी इस पेड़ की वजह से कई हादसे हो चुके हैं और कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। लोगों का आरोप है कि पेड़ पर न तो कोई रिफ्लेक्टर लगाया गया था और न ही कोई चेतावनी संकेत। बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने पेड़ हटाने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
रामपुर रोड कई जगह से टूटी और जर्जर हालत में है। जगह-जगह गहरे गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। वहीं रेत-बजरी कारोबारियों द्वारा सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण से भी रास्ता संकरा हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए और बीच सड़क पर खड़े पेड़ को हटाकर भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जाए। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शादी की खुशियां चंद मिनटों में मातम में बदल गईं और तीन जिंदगियां असमय काल के गाल में समा गईं।
संबंधित विषय:
Published on:
22 Feb 2026 02:08 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
