
बरेली। साइबर ठगों ने एक महिला को शिकार बनाते हुए 15 लाख से अधिक की चपत लगा दी। शातिर अपराधी ने खुद को दिल्ली पुलिस का आईपीएस अफसर बताकर महिला को गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाया और डर के माहौल में उससे लाखों रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा लिए। जब सच्चाई सामने आई तो पीड़िता के पैरों तले जमीन खिसक गई। मामले में साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बारादरी क्षेत्र के गायत्री नगर, गली नंबर 8, एयर फोर्स गेट के पास रहने वाली सुनीता सिंह के मोबाइल पर एक अज्ञात व्हाट्सऐप नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम सुनील कुमार गौतम बताते हुए खुद को दिल्ली पुलिस में आईपीएस अधिकारी बताया। उसने कहा कि महिला का बैंक खाता किसी बड़े फ्रॉड में इस्तेमाल हुआ है और जल्द ही गिरफ्तारी हो सकती है। लगातार डराने और कानूनी धाराओं का हवाला देने से महिला घबरा गई।
डर के साए में महिला ने ठग द्वारा बताए गए खातों में रकम ट्रांसफर करनी शुरू कर दी। 20 अगस्त को 5 लाख रुपये, 21 अगस्त को 80 हजार रुपये, 23 अगस्त को 50 हजार रुपये और 8 सितंबर को 9 लाख रुपये भेज दिए। इस तरह कुल 15 लाख 30 हजार रुपये ठगों के खाते में पहुंच गए।
कुछ दिनों बाद जब कथित अधिकारी का संपर्क टूट गया और कोई कानूनी नोटिस नहीं आया, तब महिला को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
संबंधित विषय:
Updated on:
06 Feb 2026 09:02 pm
Published on:
06 Feb 2026 09:01 pm
