
बरेली। बरेली क्लब लिमिटेड की परंपरागत वार्षिक टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में इस बार डिफेंस इलेवन ने सिविलियन इलेवन को 22 रन से हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। क्लब के हरे-भरे मैदान पर नई तैयार पिच पर खेले गए इस मैत्रीपूर्ण मुकाबले में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और दर्शकों ने भी जमकर उत्साह बढ़ाया।
मैच के मुख्य अतिथि उत्तर भारत मुख्यालय के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल इरविंदर सिंह गिल (वीएसएम) और बरेली के महापौर डॉ. उमेश गौतम रहे। महापौर डॉ. गौतम ने सिविलियन इलेवन की ओर से बल्लेबाजी करते हुए टीम के लिए अहम योगदान भी दिया।
टॉस जीतकर डिफेंस इलेवन के कप्तान कर्नल कृष्ण कुमार यादव ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम की ओर से कप्तान तख्त सिंह राठौर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों में 6 छक्कों की मदद से 83 रन बनाए। उनके इस आक्रामक प्रदर्शन की बदौलत डिफेंस इलेवन ने निर्धारित ओवरों में 197 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लेफ्टिनेंट कर्नल हिम्मत सिंह ने भी 34 गेंदों में तीन छक्कों के साथ 39 रन बनाकर टीम को मजबूती दी। सिविलियन इलेवन की ओर से प्रियांक खंडेलवाल ने 31 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि शिवांक खंडेलवाल ने एक विकेट हासिल किया।
198 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिविलियन इलेवन ने शुरुआत से ही संघर्ष किया। टीम की ओर से मयंक सिंह ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में चार छक्कों की मदद से 65 रन बनाए और टीम को जीत की ओर ले जाने का प्रयास किया। हालांकि अन्य बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं सके और टीम 174 रन पर ही सिमट गई। डिफेंस इलेवन की ओर से लेफ्टिनेंट कर्नल हर्ष अवस्थी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर दो विकेट लिए। कर्नल पंकज पंत ने भी 30 रन देकर दो विकेट झटके। इसके अलावा मेजर ऋषि शर्मा, मेजर भाविक, लेफ्टिनेंट कर्नल हिम्मत सिंह, स्क्वाड्रन लीडर निकुंज और कर्नल कृष्ण कुमार यादव ने भी विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
मैच समाप्त होने के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। मैन ऑफ द मैच: कप्तान तख्त सिंह राठौर, सर्वश्रेष्ठ फील्डर: मनीष सहगल, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज: कर्नल पंकज पंत, फेयर प्ले पुरस्कार: मेयर डॉ. उमेश गौतम को मिला। बरेली क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से अंपायर उपलब्ध कराए गए और स्कोरबोर्ड संचालन की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम में क्लब सचिव लेफ्टिनेंट कर्नल कमलजीत सिंह और क्लब स्टाफ की व्यवस्थाओं की सदस्यों ने सराहना की। निदेशक मंडल की ओर से राजा चावला, अनंत बीर सिंह, सौरभ मेहरोत्रा, विपिन अग्रवाल और मनीष सहगल मौजूद रहे। मैच की कमेंट्री राजीव गुप्ता, आनंद प्रकाश गोयल और अजय शुक्ला ने की।
Updated on:
07 Mar 2026 08:10 pm
Published on:
07 Mar 2026 07:07 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
