
बरेली। पश्चिम एशिया में युद्ध के असर ने अब बरेली की शादियों पर सीधा असर डालना शुरू कर दिया है। एलपीजी सिलिंडर की किल्लत ऐसी गहराई कि शहर के 80 से 90 फीसदी मैरिज हॉल बुक होने के बावजूद कैटरर्स हाथ खड़े कर रहे हैं। कई ऑर्डर निरस्त किए जा चुके हैं, जबकि आने वाले सहालग में हालात और बिगड़ने के संकेत मिल रहे हैं।
कारोबारियों का कहना है कि कॉमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति लगातार प्रभावित हो रही है। बाजार में यह चर्चा भी तेज है कि सिलिंडर की उपलब्धता आवश्यक सेवाओं तक सीमित की जा सकती है। ऐसे में कैटरर्स के सामने सबसे बड़ी चुनौती हर आयोजन के लिए आठ से दस सिलिंडर जुटाने की है, जो फिलहाल नामुमकिन साबित हो रही है। हालात यह हैं कि बुकिंग कराने वाले ग्राहक कीमत बढ़ाने को भी तैयार हैं, लेकिन सिलिंडर की कमी के चलते कोई समाधान नहीं निकल पा रहा। कैटरर्स साफ कह रहे हैं कि गैस के बिना बड़े आयोजनों में भोजन तैयार करना संभव नहीं, इसलिए वे जोखिम लेने से बच रहे हैं।
मैरिज हॉल संचालकों के अनुसार 15 अप्रैल से सहालग शुरू हो रही है और लगभग सभी तिथियों पर 80-90 फीसदी हॉल पहले ही बुक हैं। लेकिन जिस समय बुकिंग हुई थी, तब किसी को अंदाजा नहीं था कि अंतरराष्ट्रीय हालात इस तरह स्थानीय आयोजनों को प्रभावित कर देंगे। अब स्थिति यह है कि घरेलू गैस तक मुश्किल से मिल रही है, तो बड़े आयोजनों का संचालन कैसे होगा यह बड़ा सवाल बन गया है। जिले में करीब 600 छोटे-बड़े मैरिज हॉल हैं, लेकिन शहर के करीब 200 हॉल में भट्ठी पर खाना बनाना संभव नहीं है। धुएं से हॉल की संरचना खराब हो सकती है और किसी भी हॉल में पीएनजी कनेक्शन नहीं है। ऐसे में विकल्प बेहद सीमित हो गए हैं।
सीबीगंज के कैटरर सूरज गुप्ता ने बताया कि मार्च की तीन बुकिंग उन्हें कॉमर्शियल सिलिंडर न मिलने के कारण रद्द करनी पड़ीं। फिलहाल 15 मार्च के बाद की बुकिंग बरकरार हैं, लेकिन अगर हालात नहीं सुधरे तो उन्हें भी निरस्त करना पड़ सकता है। अब कैटरर्स ने साफ कर दिया है कि बुकिंग तभी होगी जब आयोजक खुद सिलिंडर की व्यवस्था करें। एलपीजी संकट का असर अब सीधे शादी-ब्याह के मेन्यू और आयोजन पर पड़ने लगा है। अगर हालात जल्द नहीं सुधरे तो या तो आयोजनों में मेहमानों की संख्या और मेन्यू घटाना पड़ेगा, या फिर शादियां टालनी पड़ सकती हैं। ऐसे में सहालग से पहले ही शहर में चिंता का माहौल बन गया है।
Updated on:
26 Mar 2026 06:04 pm
Published on:
26 Mar 2026 06:04 pm
