
बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
थाना क्षेत्र के मनकापुर कौर गांव निवासी 35 वर्षीय सावित्री पत्नी शिवनाथ अपने बेटे प्रताप के साथ किसी शादी समारोह से बाइक से वापस घर लौट रही थीं। दोनों जैसे ही गंगा एक्सप्रेसवे पर मनकापुर कौर गांव के पास पहुंचे, तभी बिनावर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सावित्री सड़क पर दूर जा गिरीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद कुछ देर तक वहां चीख-पुकार मची रही। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे में घायल प्रताप को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। प्रताप ग्राम बावीयाना, थाना बिनावर का निवासी है।
घटना की सूचना मिलते ही मूसाझाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे का मुख्य कारण हो सकती है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी चालक की तलाश जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
Updated on:
22 Apr 2026 05:53 pm
Published on:
22 Apr 2026 05:53 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
