22 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ नवीन मंडी का अफसर, गेहूं खरीद के नाम पर किसान से मांगे थे रुपये

तिलहर की नवीन मंडी में बुधवार को एंटी करप्शन की टीम ने छापा मारकर क्षेत्रीय विपणन अधिकारी को 9 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

2 min read
Google source verification

शाहजहांपुर। तिलहर की नवीन मंडी में बुधवार को एंटी करप्शन की टीम ने छापा मारकर क्षेत्रीय विपणन अधिकारी को 9 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से मंडी परिसर में हड़कंप मच गया और मौजूद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

किसान से की जा रही थी अवैध वसूली

थाना क्षेत्र के गांव मदनापुर के रहने वाले किसान सौरभ सिंह ने एंटी करप्शन दफ्तर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडी में गेहूं बेचने के दौरान उनसे प्रति क्विंटल 100 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। बिना पैसे दिए खरीद प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जा रहा था, जिससे किसान परेशान था। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन की टीम ने इसे गंभीरता से लिया और तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। बुधवार दोपहर करीब 12:58 बजे जैसे ही आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता से 9 हजार रुपये लिए, टीम ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया।

कार्रवाई से मंडी में मचा हड़कंप

अचानक हुई एंटी करप्शन की इस कार्रवाई से मंडी में अफरा-तफरी मच गई। अन्य व्यापारी और कर्मचारी भी सकते में आ गए। लोगों के बीच चर्चा रही कि लंबे समय से इस तरह की वसूली की शिकायतें सामने आ रही थीं, लेकिन इस बार टीम ने सटीक तरीके से कार्रवाई कर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार अधिकारी के खिलाफ थाना कटरा में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। एंटी करप्शन अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम लोगों से अवैध वसूली करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।