
बरेली। ईद-उल-फितर से पहले पुलिस महकमा पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने देर रात गूगल मीट के जरिए जिले भर के अफसरों के साथ हाईलेवल समीक्षा बैठक कर साफ संदेश दिया है कि त्योहार में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, सुरक्षा में चूक हुई तो जिम्मेदारी तय होगी।
20 मार्च की रात 10 बजे से 11:30 बजे तक चली इस अहम बैठक में सभी पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, एलआईयू और सोशल मीडिया सेल के अधिकारी जुड़े। SSP ने एक-एक बिंदु पर तैयारियों की समीक्षा करते हुए सख्त निर्देश दिए कि हर थाना अपने क्षेत्र में पूरी सतर्कता बरते और जमीनी स्तर पर व्यवस्था दुरुस्त रखे।
SSP ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। नमाज के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को समय से रवाना करने और क्षेत्राधिकारी स्तर पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील इलाकों में इस बार सुरक्षा के हाईटेक इंतजाम किए गए हैं। ड्रोन सर्विलांस, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) की तैनाती अनिवार्य की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके।
त्योहार के दौरान भीड़ और यातायात को देखते हुए शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। बैरिकेडिंग, डायवर्जन और अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती से जाम और अव्यवस्था को रोकने की तैयारी की गई है।
SSP ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अमन कमेटियों और धार्मिक नेताओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखें। स्थानीय स्तर पर समन्वय मजबूत कर किसी भी विवाद की स्थिति को पहले ही सुलझाने पर जोर दिया गया।
बैठक में साफ चेतावनी दी गई कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या उकसावे वाली सामग्री फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। LIU, सोशल मीडिया सेल और साइबर सेल को 24 घंटे मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। एसएपी अनुराग आर्य ने सभी अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि ईद का त्योहार शांति, सौहार्द और सुरक्षित माहौल में सम्पन्न कराना प्राथमिकता है। हर स्तर पर सतर्कता बरतते हुए कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
Published on:
21 Mar 2026 10:56 am
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
